Headlines

गिरिडीह में युवक ने की खुदकुशी:जुआ खेलने के लिए पत्नी से मांगे पैसे, नहीं मिलने पर शराब के नशे में फंदे लटका




गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह स्थित ठाकुर टोला में मंगलवार की देर रात एक 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मुनेश्वर विश्वकर्मा के पुत्र नरेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान जुआ खेलने के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मृतक के पिता मुनेश्वर विश्वकर्मा ने बताया कि उनका बेटा जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया। पति शराब के नशे में घर आया था वहीं, मृतक की पत्नी अन्नू देवी ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में घर आया था और जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। उसने पति से सुबह पैसे देने की बात कही, लेकिन वह तत्काल पैसे देने की जिद पर अड़ा रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पत्नी के अनुसार, विवाद के दौरान पति ने उसे कमरे में बंद कर दिया और बाहर से दरवाजा लगा दिया। इसके बाद उसने घर के दूसरे स्थान पर फांसी लगा ली। पत्नी ने बताया कि घटना मंगलवार की देर रात की है। पति के फांसी लगाने की जानकारी मिलने पर उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। वहां युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार नारायण सिंह और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *