![]()
गुना जिले के म्याना इलाके में जमीन को लेकर चल रहे विवाद में किसान के परिवार पर हमला कर दिया गया। हमले में किसान माखन अहिरवार (50) की मौत हो गई, जबकि उनका 18 वर्षीय बेटा गुलशन गंभीर घायल है। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। 15 बीघा जमीन को लेकर तीन महीने से विवाद परिजनों के मुताबिक माखन अहिरवार खेती-किसानी करते थे। परिवार की करीब 15 बीघा पट्टे की जमीन पर गांव के कुछ लोग जबरन कब्जा करना चाहते थे। इसी बात को लेकर पिछले करीब तीन महीने से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि बुधवार को भी इसी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने म्याना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष के लोग नाराज हो गए। रात में 10-12 लोगों के हमले का आरोप परिजनों के मुताबिक बुधवार रात करीब 8 बजे 10 से 12 लोग एक साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी-डंडे और दूसरे हथियार थे। उन्होंने परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान माखन अहिरवार को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। वहीं उनके 18 वर्षीय बेटे गुलशन के सिर पर लट्ठ से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। डायल-112 से अस्पताल ले जाते समय मौत हमले की सूचना मिलने पर म्याना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लेकर रवाना हुई। इसी दौरान रास्ते में माखन अहिरवार की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। गुलशन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में माखन अहिरवार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। म्याना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद और हमले से जुड़े घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Source link
गुना में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद:रिपोर्ट के बाद किसान के घर हमला; रास्ते में मौत, बेटा गंभीर
