बूंदी में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉगकार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया गया।
बूंदी के 15 से 29 वर्ष के युवाओं को अपने नए विचार, समस्याओं के समाधान और नवाचार को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
.
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 शुरू किया गया है। इसके जरिए युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और विचारों को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी ने दी कार्यक्रम की जानकारी
इसी पहल के तहत गुरुवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कर इसमें भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया गया।
मेघवाल ने बताया कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के माध्यम से 15 से 29 वर्ष के युवा विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जुड़ेंगे और अपने विचारों के साथ देश की विभिन्न समस्याओं के समाधान और नवाचार से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत कर सकेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय अधिकारियों और मंत्रियों के सामने अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
क्विज से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
कार्यक्रम की शुरुआत विकसित भारत प्रश्नोत्तरी से होगी। इसके बाद चयनित प्रतिभागी निबंध चुनौती, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण और राज्य स्तरीय चरण में आगे बढ़ेंगे। विभिन्न चरणों में प्रदर्शन के आधार पर युवाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा।
राष्ट्रीय मंच पर विशेषज्ञों और मंत्रियों के सामने रखेंगे विचार
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय अधिकारियों और मंत्रियों के सामने अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार रखने और उनसे संवाद करने का मौका मिलेगा।
प्रधानमंत्री से संवाद कर चुके युवा ने साझा किया अनुभव
पत्रकार वार्ता में पिछले वर्ष इसी कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री से संवाद करने वाले युवा शिक्षक दीपक शर्मा ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि युवा किस तरह अलग-अलग चरणों से गुजरते हुए राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकते हैं। शर्मा ने क्विज, निबंध, जिला और राज्य स्तरीय चरणों की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपने विचार स्पष्ट, मौलिक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
माय भारत से जुड़े प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस दौरान लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा सहित माय भारत से जुड़े भूपेन्द्र योगी, स्वयंसेवक रोहन गुर्जर, गोविंद प्रजापत, हनुमान सैनी एवं नैतिक शर्मा मौजूद रहे।
