Headlines

गुमला में गुजर रहा 440 टायर वाला ट्रक वायरल:पारादीप से चार महीने पहले निकला, चीनी मिल की मशीन लेकर यूपी जा रहा




झारखंड के गुमला में इन दिनों 440 टायर वाला विशाल मालवाहक वाहन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ओडिशा के पारादीप से उत्तर प्रदेश के लिए चीनी बनाने वाली मशीन लेकर जा रहा यह वाहन पालकोट क्षेत्र में पहुंचा तो इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पालकोट के बंगरू स्थित रक्तपानी गांव में वाहन पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जमा हो गए। करीब चार महीने पहले पारादीप से निकला यह वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक इसकी लंबाई और वजन अधिक होने के कारण प्रतिदिन महज 8 से 10 किलोमीटर की दूरी ही तय की जा रही है। करीब पांच दिन पहले यह पालकोट पहुंचा था। आज सुबह बघिमा पेट्रोल पंप के पास पहुंच गया। वायरल ट्रक की तस्वीरें देखें….. गुमला से रांची होते हुए यूपी जाएगा वाहन के साथ चल रहे कर्मचारियों ने बताया कि इसमें बेल्जियम मैन्युफैक्चरिंग की चीनी मिल में इस्तेमाल होने वाली मशीन लदी है। इसे पारादीप से उत्तर प्रदेश पहुंचाया जा रहा है। गुमला पहुंचने के बाद वाहन बाइपास के रास्ते रांची की ओर जाएगा। इसके बाद इसका रूट धुर्वा, ओरमांझी, रामगढ़, हजारीबाग, बरही औरंगाबाद, बनारस, गाजीपुर और गोरखपुर होते हुए उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी तक है। बताया गया कि उत्तर प्रदेश में एशिया का सबसे बड़ा चीनी प्लांट तैयार किया जा रहा है। इसी प्लांट के लिए मशीन को पारादीप से सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। लंबे और भारी वाहन को रास्ते में कई तरह की तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। मोड़ पर खराब हुआ वाहन, जाम में फंसे बड़े वाहन पालकोट क्षेत्र में सफर के दौरान विशाल वाहन एक मोड़ पर खराब होकर सड़क के बीच रुक गया। इससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ और कई बड़े वाहन जाम में फंस गए। सूचना मिलने पर पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। बड़े वाहनों को जाम से निकालने के लिए बसिया रोड की ओर डायवर्ट किया गया। वाहन को दोबारा आगे बढ़ाने के लिए कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने काम किया। भारी वाहन की रफ्तार बेहद कम होने के कारण इसके गुजरने के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रास्ते में काटी जा रहीं पेड़ों की डालियां वाहन की अत्यधिक ऊंचाई और आकार के कारण इसके पूरे रूट में कई जगह अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ रहे हैं। सड़क किनारे पेड़ों की डालियां रास्ते में आ रही हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार काटा जा रहा है। वहीं बिजली के तार भी हटाए जा रहे हैं, ताकि वाहन पर लदी मशीन किसी तरह की क्षति के बिना आगे बढ़ सके। कर्मचारियों के मुताबिक पेड़ों की डालियां काटने और बिजली के तार हटाने के लिए जरूरी अनुमति भी टीम के पास है। वाहन के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी और सिविल टीम भी चल रही है।विशालकाय वाहन जहां से गुजर रहा है, वहां लोग रुककर इसे देखने के साथ मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं। इसी वजह से 440 टायर वाला यह ट्रक इन दिनों सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *