![]()
गुरदासपुर जिले के अंतर्गत आते धारीवाल के वार्ड नंबर 6 और 8 के निवासी पिछले कई सालों से जल निकासी की विकराल समस्या से जूझ रहे हैं। गलियों और मुख्य रास्तों पर लगातार जमा हो रहे गंदे पानी के कारण स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। इस मुद्दे को लेकर अब राजनीति भी गरमा गई है; जहां शिरोमणि अकाली दल ने आंदोलन की चेतावनी दी है, वहीं नगर परिषद अध्यक्ष ने काम में रुकावट डालने का आरोप लगाकर सफाई दी है। बीमारियों का खतरा और आवागमन में भारी परेशानी वार्ड निवासियों का कहना है कि गलियों में गंदे पानी के ठहराव के कारण इलाके में मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी उन बच्चों को होती है जिन्हें रोजाना इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। अकाली दल की चेतावनी: ‘समाधान न हुआ तो करेंगे चक्का जाम’ शिरोमणि अकाली दल के किसान विंग के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह रियाड़ ने वार्डवासियों के पक्ष में उतरते हुए नगर परिषद पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि जिस रास्ते पर पानी जमा है, वहीं से लोग रोजाना रेलवे स्टेशन और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब जाने के लिए गुजरते हैं। नगर परिषद को कई बार लिखित शिकायतें और मांग पत्र सौंपे गए, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। रियार ने सख्त चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वार्ड निवासी सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेंगे और चक्का जाम करेंगे। काम शुरू किया था, लोगों ने पाइप नहीं डालने दिए – नगर परिषद अध्यक्ष दूसरी ओर, नगर परिषद धारीवाल के अध्यक्ष अश्विनी दुग्गल ने वार्ड निवासियों और अकाली दल के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। दुग्गल ने दावा किया कि नगर परिषद ने जल निकासी की समस्या को हल करने के लिए काम शुरू करवा दिया था, लेकिन खुद वार्ड निवासियों ने वहां पाइप नहीं डालने दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय खोदे गए गड्ढों में मिट्टी भर दी गई, जिससे जारी विकास कार्य ठप हो गया। अध्यक्ष अश्विनी दुग्गल ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया है कि नगर परिषद जल्द ही सभी रुकावटों को दूर कर वार्ड नंबर 6 और 8 में पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकालेगी।
Source link
गुरदासपुर के धारीवाल में जलनिकासी न होने से भड़के लोग:वार्ड 6 व 8 के लोगों ने की नारेबाजी, अकाली दल ने सड़क जाम की दी चेतावनी
