Headlines

गुरदासपुर में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत:रक्षा बंधन की सुबह ही घर में मातम, लोग बोले- यहां खुलेआम बिक रहा नशा




गुरदासपुर के थाना भैणी मियां खां के अधीन आते गांव बुड्ढा बाला में रक्षाबंधन के दिन एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां त्योहार की खुशियों के बीच नशे की ओवरडोज के कारण एक 25 वर्षीय युवक की तड़पकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बचित्तर सिंह (पुत्र स्वर्ण सिंह) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों और स्थानीय नेताओं में पुलिस प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है। मृतक के पिता स्वर्ण सिंह ने बताया कि उनका बेटा बचित्तर सिंह नशे का आदी हो चुका था। रक्षाबंधन की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच उसने नशे की अत्यधिक मात्रा (ओवरडोज) ले ली, जिसके तुरंत बाद उसने दम तोड़ दिया। जिस वक्त देश भर में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही थीं, उस वक्त इस घर में इकलौते बेटे की मौत से कोहराम मच गया। ड्रग्स सप्लाई का मुख्य केंद्र बना गांव घटना की सूचना मिलते ही गांव बुड्ढा बाला के सरपंच मुख्तियार सिंह, नंबरदार दलीप सिंह नून बरकत, गांव मुन्नन के सरपंच नरिंदर सिंह और माझा किसान संघर्ष कमेटी के यूथ प्रेसिडेंट सरबजीत सिंह औलख सहित कई स्थानीय नेता मौके पर एकत्र हुए। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि गांव बुड्ढा बाला इस समय पूरे पंजाब में नशा तस्करी का मुख्य हब बन चुका है। यहां बेहद कम दामों पर घातक केमिकल (चिट्टा) बेचा जा रहा है, जिसे खरीदने के लिए दूर-दूर से युवा पहुंच रहे हैं। बेअसर साबित हो रहे ठीकरी पहरे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नशे की इस दलदल से युवाओं को बचाने के लिए पंचायतों द्वारा बकायदा प्रस्ताव पास किए गए थे। लोगों को नशा न करने की कसमें दिलाई गईं और रात के समय ग्रामीणों द्वारा ठीकरी पहरे (गश्त) भी लगाए गए। इसके बावजूद नशा तस्कर बेखौफ हैं। वे पुलिस को चकमा देने के लिए गन्ने के खेतों और गुप्त रास्तों का इस्तेमाल कर धड़ल्ले से हेरोइन व केमिकल की सप्लाई कर रहे हैं। नेताओं का आरोप है कि पुलिस को बार-बार सूचित करने के बाद भी बड़े मगरमच्छों पर हाथ नहीं डाला जाता। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई तीरथ राम ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरदासपुर के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर पुष्टि की है कि युवक नशे का आदी था और उसकी मौत ओवरडोज के कारण हुई है। पुलिस मामले की आगामी वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *