![]()
गुरदासपुर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6 पिस्तौल और .30 कैलिबर व 9 एमएम के कुल 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। ड्रोन के जरिए सीमा पार से पहुंचे हथियार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों तक ये हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से पहुंचाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि इस मॉड्यूल के तार सीमा पार बैठे हथियार तस्करों और पंजाब में सक्रिय अन्य आपराधिक तत्वों से जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कुल 26 एफआईआर दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इससे पुलिस को इस नेटवर्क के आपराधिक संबंधों की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। गुरदासपुर के दोरांगला थाने में केस दर्ज, जांच जारी इस मामले में गुरदासपुर के थाना दोरांगला में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियारों की खेप कहां से भेजी गई थी और इसे पंजाब में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। हथियार तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों को खंगाल रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से होने वाली हथियारों की तस्करी और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
गुरदासपुर में सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़:6 पिस्तौल और 49 कारतूस समेत 5 गिरफ्तार
