Headlines

गुरदासपुर में 10 दिन से बारदाना नहीं, उठान बंद:पंजाब सरकार से व्यवस्था सुधारने की मांग, उठान न होने से फसल रखने की जगह नहीं




गुरदासपुर डेरा बाबा नानक हलके के अधीन आते गांव शाहपुर जाजन की दाना मंडी में धान की खरीद और उठान की लचर व्यवस्था के कारण किसानों और मजदूरों का बुरा हाल है। मंडी में पिछले 10 दिनों से धान की सरकारी खरीद और उठान का काम लगभग ठप पड़ा हुआ है, जिससे किसान और मजदूर अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर भारी परेशानी झेलने को मजबूर हैं। पीड़ित किसानों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से दाना मंडी में न तो गेहूं/धान की फसल भरने के लिए ‘बारदाना’ (बोरी) पहुंच रहा है और न ही पहले से तौली जा चुकी बोरियों का उठान (लिफ्टिंग) किया जा रहा है। उठान न होने के कारण पूरी मंडी धान की बोरियों और ढेरों से पट चुकी है, जिससे नए किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए भी जगह नहीं मिल रही है। किसानों व मजदूरों ने सरकार और प्रशासन से लगाई गुहार मंडी में अपनी फसल लेकर बैठे किसान गुरमीत सिंह पड़ा और तरसेम मशीह ने सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के दावों के विपरीत धरातल पर किसान, मजदूर और आढ़ती तीनों ही वर्ग पिस रहे हैं। उन्होंने कहा कि आढ़तियों की खुशहाली से ही किसान और मजदूर जुड़े हुए हैं, लेकिन मंडी के खराब प्रबंधों ने सभी को मुश्किल में डाल दिया है। किसानों व मजदूरों ने संयुक्त रूप से पंजाब सरकार और जिला गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर (DC) से पुरजोर मांग की है कि शाहपुर जाजन दाना मंडी में तुरंत बारदाने की आपूर्ति बहाल की जाए और फसल के उठान में तेजी लाकर व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि किसान अपनी फसल बेचकर समय पर घर लौट सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *