![]()
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाकर बाइक सवार 2 युवकों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ब्लैक रंग की थार रॉक्स ड्राइवर को पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान मनमीत के रूप में हुई है, जो भिवानी जिले के मुंडाल खुर्द का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच में शामिल कर लिया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सेक्टर-10 थाने में एफआईआर दर्ज की थी। वारदात में इस्तेमाल की गई चमचमाती काले रंग की ‘थार रॉक्स’ गाड़ी को पुलिस ने पहले ही एक सर्विस स्टेशन से अपने कब्जे में ले लिया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से खुला राज दरअसल 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि द्वारका एक्सप्रेस-वे पर एक काले रंग की थार रॉक्स गाड़ी का ड्राइवर बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। ओवरटेक करते समय टक्कर मारी इसी दौरान उसने आगे जा रहे एक बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत जांच के आदेश दिए। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस संबंध में 27 सितंबर को थाना सेक्टर-10A में केस दर्ज किया गया। सर्विस स्टेशन से थार बरामद मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस चौकी सेक्टर-93 की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर सबसे पहले आरोपी की गाड़ी थार रॉक्स की पहचान की। इसके बाद तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की मदद से गाड़ी को सेक्टर-93 स्थित एक सर्विस स्टेशन से बरामद कर नियमानुसार कब्जे में ले लिया गया। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने इस सड़क हादसे का शिकार हुए पीड़ितों से संपर्क किया। बाइक ड्राइवर राजेश कुमार और उसके पीछे बैठे दिनेश के बयान दर्ज किए गए। पीड़ितों ने पुलिस को हादसे की पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद आज पुलिस ने आरोपी थार ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस की अपील: नियमों का करें पालन डीसीपी वेस्ट ने बताया कि सड़क पर किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ। हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल गाड़ी बरामद की, बल्कि आरोपी ड्राइवर को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
Source link
गुरुग्राम में बाइक को टक्कर मारने वाला थार ड्राइवर अरेस्ट:सर्विस सेंटर से गाड़ी जब्त, भिवानी का रहने वाला, जिगजैग ड्राइविंग से हुआ हादसा
