![]()
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुग्राम की भोंडसी जिला जेल में बंद अपनी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात करने पहुंच रहे हैं। मौजूदा राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रमों के बीच मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भगवंत मान दिल्ली के कपूरथला हाउस से अपने विशेष काफिले के साथ करीब एक बजे गुरुग्राम के लिए रवाना होंगे और दोपहर बाद जेल प्रशासन की अनुमति से यह मुलाकात होगी। तीन महीने पहले 23 मई 2026 को भी मुख्यमंत्री भगवंत मान और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अचानक भोंडसी जेल का दौरा किया था। उस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने जेल के भीतर बंद कमरे में लगभग 20 मिनट तक संजीव अरोड़ा से मुलाकात की थी और कानूनी लड़ाई में पार्टी के उनके साथ डटकर खड़े होने का भरोसा दिया था। तीन महीने बाद आज एक बार फिर सीएम मान उनसे मिलकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। मनी लांड्रिंग और जीएसटी बिलिंग धोखाधड़ी के आरोप
पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग और ₹100 करोड़ के फर्जी जीएसटी बिलिंग घोटाले से जुड़े आरोपों में इस साल 9 मई को चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था। ईडी का आरोप है कि अरोड़ा ने अपनी फर्जी शेल कंपनियों के नेटवर्क के जरिए अवैध वित्तीय लेनदेन किए और गुरुग्राम में करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियां खरीदीं। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया था। हालांकि, उनके विभागों को अन्य मंत्रियों को सौंप दिया गया है, लेकिन वे अभी भी मान कैबिनेट में मंत्री बने हुए हैं। राजनीतिक और कानूनी रणनीति पर चर्चा
आज होने वाली इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान संजीव अरोड़ा के केस से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया और आगामी जमानत याचिकाओं को लेकर गहन चर्चा होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी शुरू से ही ईडी की इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताती रही है। ‘आप’ का आरोप है कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके पंजाब में विपक्ष और उनके नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है।
Source link
गुरुग्राम में भोंडसी जेल पहुंचेंगे पंजाब सीएम भगवंत मान:मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा से करेंगे मुलाकात, अरविंद केजरीवाल भी आ सकते हैं
