![]()
गुरुग्राम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छ भारत अभियान में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और समाज को स्वच्छता का एक सशक्त संदेश दिया। इस दौरान विधायक मुकेश शर्मा पहलवान, पटौदी की विधायक बिमला देवी भी मौजूद रहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना केवल देश को गुलामी से आजाद कराना ही नहीं था, बल्कि वह एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का निर्माण भी करना चाहते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बापू के इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए ‘स्वच्छ भारत मिशन’ को एक जन आंदोलन का रूप दिया है। आज देश का हर नागरिक इस अभियान से जुड़कर अपना योगदान दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश की आर्थिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। वैश्विक पटल पर साइबर सिटी की एक अलग पहचान है, इसलिए इसे साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी भी यहां के नागरिकों की अधिक हो जाती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखें और सिंगल-यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से त्याग करें। आमजन से मुलाकात करेंगे
समारोह के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आमजन से मुलाकात करेंगे। इस विशेष जनसुनवाई के दौरान वे जिले भर से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को आमने-सामने सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लोगों की बिजली, पानी, सड़क और कचरा प्रबंधन से जुड़ी रोजमर्रा की दिक्कतों को तुरंत नोट किया जाए और उनका ऑन-द-स्पॉट निवारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सीधे संवाद में विश्वास रखती है और प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा।
Source link
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री दिया ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ का संदेश:महात्मा गांधी जयंती पर कार्यक्रम में पहुंचे, आमजन की समस्याएं भी सुनेंगे
