![]()
जींद जिले के जुलाना में एक दुकानदार से फर्जी पेमेंट ऐप के जरिए 18,800 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठग एक इन्वर्टर और बैटरी लेकर फरार हो गए। मोई हुड्डा गांव निवासी संदीप ने मंडी जुलाना पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर उनकी ‘श्री श्याम इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान है। संदीप के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:50 बजे जब वे दुकान पर नहीं थे, उनके सेल्समैन राजेश मौजूद थे। तभी दो युवक दुकान पर आए और लुमिनस कंपनी की बैटरी तथा अमेज कंपनी का इन्वर्टर पसंद किया। उन्होंने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। आरोपियों ने ‘सोनू (निवासी रिढाणा)’ के नाम से 18,800 रुपए का बिल बनवाया। सेल्समैन का QR कोड स्कैन किया युवकों ने सेल्समैन का QR कोड स्कैन किया और अपने मोबाइल स्क्रीन पर गूगल पे से सफल भुगतान का ‘राइट टिक’ निशान दिखाया। उन्होंने जल्दी का बहाना बनाया और इन्वर्टर-बैटरी एक स्विफ्ट गाड़ी में रखवाकर तुरंत मौके से फरार हो गए। पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग 27 अगस्त 2026 को जब दुकान मालिक संदीप ने सेल्समैन के बैंक खाते की लेनदेन स्टेटमेंट जांची, तो उसमें 18,800 रुपए की कोई राशि जमा नहीं हुई थी। तब उन्हें एहसास हुआ कि ठगों ने फर्जी एप या स्क्रीनशॉट का उपयोग करके धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात ठगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मंडी जुलाना पुलिस चौकी के एएसआई अजय कुमार की सिफारिश पर जुलाना थाना पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 231, दिनांक 27.08.2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर स्विफ्ट कार सवार जालसाजों की तलाश कर रही है।
Source link
गूगल पे का फर्जी राइट टिक दिखाकर 18,800 की ठगी:जींद में इन्वर्टर-बैटरी लेकर आरोपी फरार; अकाउंट में नहीं आई राशि
