चंडीगढ़ | गेस्ट टीचर्स को नियमित करने के सिंगल बेंच के फैसले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की डबल बेंच ने संशोधन करते हुए विस्तृत फैसला सुनाया है। हरियाणा सरकार की अपील पर सुनवाई के बाद डबल बेंच ने सरकार को निर्देश दिया कि वह गेस्ट टीचर्स के दावों पर तथ्यों और कानून के सिद्धांतों के अनुसार विचार कर नियमितीकरण पर फैसला ले। कोर्ट ने आदेश की प्रति मिलने की तारीख से दो महीने के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। विस्तृत फैसला आने के बाद गेस्ट टीचर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री महीपाल सिंह ढांडा से चंडीगढ़ स्थित आवास पर मुलाकात की। करीब दो घंटे चली बैठक को प्रतिनिधिमंडल ने सकारात्मक बताया। शिक्षकों के अनुसार, शिक्षा मंत्री ने जल्द नियमितीकरण समेत उनकी सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। कोर्ट का फैसला लागू कराने की मांग को लेकर गेस्ट टीचर्स के सभी संगठन भी एक मंच पर नजर आए। गेस्ट टीचर मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान ने कहा कि डबल बेंच के फैसले से शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। लोहान के अनुसार, 2014 में भाजपा ने सत्ता में आने पर पहली कलम से गेस्ट टीचर्स को नियमित करने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से गेस्ट टीचर्स केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत हरियाणा के सभी मंत्रियों और सत्तापक्ष-विपक्ष के 90 विधायकों से मुलाकात करेंगे।
Source link
गेस्ट टीचर्स को नियमित करने पर सरकार 2 माह में करे विचार: कोर्ट
