![]()
खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी के चोपानकी थाना क्षेत्र में रसोई सिलेंडर में आग लगने से घर में सो रहा एक परिवार गंभीर रूप से झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और परिवार को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत में तीनों को अलवर रेफर कर दिया। किराए के मकान में रहता परिवार घटना देर रात करीब 2 बजे की है। आग की चपेट में आने वालों में एक महिला तेतरी सिंह, पति नंदू सिंह और उनकी 14 साल की बेटी दिव्या कुमारी शामिल हैं। यह परिवार बिहार के भावना तारा गांव का निवासी है, जो चोपानकी इलाके में किराए पर रहते हैं। नंदू सिंह और उनकी पत्नी तेतरी सिंह स्थानीय शिव सुंदर नामक औद्योगिक इकाई में मजदूरी करते हैं, जबकि बेटी दिव्या आठवीं क्लास में पढ़ती है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 2 बजे परिवार सो रहा था। इसी दौरान कमरे में रखे रसोई सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। जब तक परिवार संभाल पाता, आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी देर रात कमरे से उठती लपटें और परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए। पड़ोसियों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को झुलसी हुई हालत में बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर रेफर कर दिया। फिलहाल अलवर जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में तीनों का इलाज जारी है।
Source link
गैस सिलेंडर लीकेज से भभकी आग:नीदं में सो रहे पति-पत्नी और बेटी आग में झुलस गए
