Headlines

एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन:मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दी बधाई: बोले- खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया




एशियन गेम्स-2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीते हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा की माटी के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, परिवारों के त्याग और प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति का परिणाम दुनिया देख रही है। परवीन, अंकुश, सुजीत और कीर्ति ने जीता गोल्ड सोनीपत में मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक की परवीन हुड्डा, हिसार के अंकुश पंघाल, चरखी दादरी के सुजीत कलकल और जींद की कीर्ति शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुक्केबाजी के रिंग से लेकर कुश्ती के अखाड़े और तीरंदाजी के मैदान तक हरियाणा के खिलाड़ियों की स्वर्णिम चमक दिखाई दी है। शूटिंग में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन मंत्री ने कहा कि निशानेबाजी में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है। रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति को दर्शाता है। पुरुष कबड्डी टीम में हरियाणा के 8 खिलाड़ी डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में हरियाणा के आठ खिलाड़ियों की भागीदारी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को लेकर माहौल बदला है। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश की खेल नीति का उद्देश्य गांवों की प्रतिभाओं को अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। सामान्य परिवारों से निकलकर तिरंगा कर रहे ऊंचा डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के गांवों और सामान्य परिवारों से निकलकर बेटे-बेटियां जब एशियन गेम्स के मंच पर तिरंगा सबसे ऊपर ले जाते हैं तो यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण होता है। खिलाड़ियों की मेहनत, परिवारों का त्याग और प्रदेश में बनी मजबूत खेल संस्कृति इन सफलताओं की असली ताकत है। नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने पर जोर उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है। खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के हजारों युवाओं को मैदान में उतरने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा देंगी। डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और परिजनों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले मुकाबलों में भी हरियाणा के खिलाड़ी देश की झोली में और पदक डालकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *