![]()
गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली इलाके में एक गांव की 15 साल की छात्रा पर मनचले ने चाकू से हमला किया गया। यह घटना कल सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब छात्रा कोचिंग पढ़ने जा रही थी। एक अज्ञात मनचले ने साइकिल से उसे धक्का दिया और विरोध करने पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी मनचले की तलाश तेज कर दी है। एसपी अभिषेक झा ने आज मंगलवार सुबह 10.30 बजे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई हैं। ये टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही, छात्रा और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। करीब 9 घंटे के इलाज के बाद 15 वर्षीय छात्रा को सोमवार देर रात 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर से डिस्चार्ज कर दिया गया। परिजन छात्रा को घर ले गए हैं। परिजनों को डर है कि रास्ते में या भविष्य में उनकी बेटी के साथ फिर कोई घटना न हो जाए। पीड़ित पिता ने आज मंगलवार सुबह 10.30 बजे दैनिक भास्कर संवाददाता से फोन पर बात करते हुए बताया कि उन्हें डर लग रहा है कि उनकी बेटी फिर कोचिंग जाए और कोई उस पर हमला न कर दे। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले मोटरसाइकिल खड़ी की, फिर साइकिल से धक्का देकर छात्रा को झाड़ी में गिरा दिया। जब छात्रा उठकर साइकिल निकालने लगी और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पिता ने पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है। मनकापुर सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। छात्रा का मेडिकल परीक्षण और इलाज करवाने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वे लोग अपने घर चले गए हैं। सीओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, परेशान होने की जरूरत नहीं है।
Source link
गोंडा में कोचिंग जा रही छात्रा पर चाकू से हमला:मनकापुर में धक्का देकर झाड़ी में गिराया, गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित
