Headlines

डायल-112 ने पिकअप रोका, पैसे मांगने पर चालक भिड़े:रीवा के चाकघाट में विवाद, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की का वीडियो आया सामने




रीवा के चाकघाट क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर डायल-112 के चालक और पिकअप वाहन चालकों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में डायल-112 के चालक और वाहन चालकों के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। विवाद की शुरुआत पिकअप वाहन रोकने और चालक से पैसे मांगने के आरोप को लेकर बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि यूपी की ओर से एमपी आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-15-जेडएल-5140 को डायल-112 वाहन ने पीछा कर बघेड़ी के पास रोक लिया। पिकअप में भैंस लदी थीं। आरोप है कि वाहन रोकने के बाद चालक से पैसों की मांग की गई। इसी बात को लेकर पिकअप चालक और डायल-112 के स्टाफ के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ा तो सड़क पर हुई धक्का-मुक्की बहस बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। डायल-112 के चालक और मौके पर मौजूद स्टाफ के साथ पिकअप वाहन चालकों की धक्का-मुक्की हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़क पर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान वाहन चालकों ने सड़क पर चक्काजाम करने का प्रयास भी किया। मामला बढ़ता देख डायल-112 वाहन मौके से रवाना हो गया। वीडियो सोमवार सुबह करीब 11:50 बजे का बताया जा रहा है। भैंसों के परिवहन की भी जांच की मांग विवाद के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप में भैंस ले जाने को लेकर भी जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यूपी से एमपी की ओर पशुओं को ले जाने के लिए जरूरी दस्तावेज और परिवहन के उद्देश्य की जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही वाहन चालकों की ओर से लगाए गए अवैध वसूली के आरोपों की भी जांच की मांग की गई है। एडिशनल एसपी बोले- जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और वाहन चालकों की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, अवैध वसूली के आरोपों में कितनी सच्चाई है और पशु परिवहन के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ था या नहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *