Headlines

गोरखपुर के स्कूल में कर्नल सिंह पहुंचे:फुटबॉल टीम से मिले निदेशक, शिक्षकों को नैतिक मूल्यों पर दिया संदेश




गोरखपुर में बुधवार को ए.डब्ल्यू.ई.एस. हेड क्वार्टर सेंट्रल कमांड के निदेशक कर्नल बी. पी. सिंह का आर्मी पब्लिक स्कूल गोरखपुर में आगमन हुआ। उनके विद्यालय पहुंचने पर रिसेप्शन के पास विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर विशाल त्रिपाठी, पृथा हरिहर, स्कूल के हेड बॉय जय शुक्ला एवं हेड गर्ल उन्नति चतुर्वेदी की उपस्थिति में 6 सी के विद्यार्थी परव सिंह बेंस ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद श्री सिंह ने कॉन्फ्रेंस हॉल में पहुंचकर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यालय के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान का अवलोकन किया तथा हाल ही में सिद्धार्थ नगर में आयोजित सी.बी.एस.ई. अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली विद्यालय की फुटबॉल टीम के विद्यार्थियों से भेंट की। उन्होंने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय के औषधीय उद्यान (हर्बल गार्डन) जाकर बच्चों से उसके बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रयोगशाला (ए आई लैब) गए और बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के रोबोट व प्रोजेक्ट को देखा। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं से लेकर कक्षा 12 तक विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की सहभागिता और कक्षा-कक्ष की व्यवस्था का जायजा लिया तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की सराहना की। शिक्षकों के साथ चाय पर संवाद के दौरान कर्नल बी. पी. सिंह ने नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के व्यवहार, सोच और दृष्टिकोण में परिवर्तन हो रहा है। ऐसे में शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार को समझते हुए उनके साथ निरंतर संवाद करना चाहिए और उन्हें उचित दिशा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के लिए भी शिक्षकों को सजग रहने का संदेश दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *