![]()
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में बिहार का पहला ‘मिट्टी कैफे’ शुरू किया गया है। कैफे का उद्देश्य विशेष रूप से दिव्यांग समुदाय को रोजगार, आजीविका और वित्तीय स्वतंत्रता का अवसर देना है। यहां दिव्यांग वयस्कों को काम के साथ सम्मानजनक और बेहतर माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कैफे के उद्घाटन के मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह, जिलाधिकारी कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने बताया कि इस पहल की प्रेरणा सुप्रीम कोर्ट से ली गई है। वहां शुरू किए गए इसी तरह के प्रयास को आगे बढ़ाते हुए सिविल कोर्ट परिसर में मिट्टी कैफे शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए विशेष रूप से दिव्यांग समुदाय को यहां जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें काम का समान अवसर मिले और वे सम्मानजनक तरीके से काम कर सकें। उन्होंने बताया कि यह पहल सिविल कोर्ट को ज्यादा समावेशी और संवेदनशील स्थान बनाने की दिशा में एक कदम है। देखिए कुछ तस्वीरें.. खाने-पीने की कई सुविधाएं मिलेंगी कैफे में सामान्य कैफे की तरह खाने-पीने की कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां मील्स, बेवरेजेस और स्नैक्स के साथ दक्षिण भारतीय, चाइनीज और भारतीय व्यंजन भी मिलेंगे। कैफे को ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के आधार पर संचालित किया जाएगा। बाहर के बाजार की तुलना में यहां कीमतें कम रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को उचित दर पर खाने-पीने की चीजें उपलब्ध हो सकें। दिव्यांगों को मिलेगा काम का अवसर मिट्टी कैफे एक ऐसी कैफे श्रृंखला है, जिसका उद्देश्य शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक रूप से दिव्यांग वयस्कों को रोजगार से जोड़ना है। इसके जरिए उन्हें आजीविका के साथ वित्तीय स्वतंत्रता और समाज में सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि कैफे में ज्यादा से ज्यादा विशेष रूप से दिव्यांग लोगों को ही काम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यदि पर्याप्त लोग उपलब्ध नहीं होते हैं तो अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा। देश के कई प्रमुख स्थानों पर है मिट्टी कैफे मिट्टी कैफे देशभर में 50 से अधिक स्थानों पर संचालित होने की जानकारी दी गई। इनमें सुप्रीम कोर्ट परिसर, राष्ट्रपति भवन, मुंबई और बेंगलुरु के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अलावा कॉरपोरेट पार्क और शैक्षणिक संस्थान भी शामिल हैं। अब मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में भी इसकी शुरुआत की गई है।
Source link
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट में बिहार का पहला ‘मिट्टी कैफे’ शुरू:दिव्यांगों को रोजगार और वित्तीय स्वतंत्रता का अवसर; उद्घाटन में DM-SSP समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
