![]()
भिवानी जिले के लोहारू हलके में ग्रामीण चौकीदारों ने कांग्रेस विधायक राजबीर सिंह फरटिया को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। बहल में सौंपे गए इस ज्ञापन में चौकीदारों ने गांवों में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र करते हुए आर्थिक तंगी और सरकारी उपेक्षा पर चिंता व्यक्त की। चौकीदारों ने बताया कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने 31 दिसंबर 2025 तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इस दिशा में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। ग्रामीण चौकीदारों की प्रमुख मांगें ग्रामीण चौकीदारों ने विधायक को सौंपे 8 सूत्रीय मांग पत्र में उन्हें कर्मचारी का दर्जा देने और काम के घंटे निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कुशल श्रेणी के अनुसार, 30 हजार रुपए मासिक वेतन देने, सेवानिवृत्ति राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने तथा भिवानी जिले के सेवानिवृत्त चौकीदारों की लंबित 2 लाख रुपए की राशि तुरंत जारी करने की मांग भी की। इसके अतिरिक्त, ईएसआई और ईपीएफ का लाभ देने की भी मांग की गई। अन्य मांगों में चौकीदारों का मानदेय प्रत्येक माह की 7 तारीख तक उनके खातों में जमा करना शामिल है। उन्होंने साइकिल भत्ता 3,500 रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए करने, ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर मुआवजा राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने और मृतक चौकीदार के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी। साथ ही, 1,000 की आबादी पर एक नया चौकीदार पद सृजित करने की मांग भी की गई। विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा : कांग्रेस विधायक ग्रामीण चौकीदारों ने विधायक राजबीर फरटिया से आग्रह किया कि वे विधानसभा के आगामी सत्र में उनकी सभी मांगों को प्रमुखता से उठाएं और सरकार पर इन्हें लागू करवाने के लिए दबाव बनाएं। विधायक फरटिया ने चौकीदारों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को विधानसभा में जोर-शोर से उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर बहल ब्लॉक के बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकीदार मौजूद रहे।
Source link
ग्रामीण चौकीदारों ने लोहारू विधायक को सौंपा मांगपत्र:मासिक वेतन 30 हजार रुपए करने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
