Headlines

घाघरा नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां बहीं:एक को बचाया गया, दो की तलाश जारी, लखीमपुर खीरी की घटना




लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के हटवा मजरा फिरोजाबाद गांव में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। घाघरा नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां गहरे पानी में बह गईं। स्थानीय लोगों ने एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोरियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी एसडीआरएफ को भी दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्यारे की बेटी शैलेद्री (10) और सुनीता (15) के साथ रामप्रसाद की बेटी गोल्डी (11) सोमवार सुबह करीब 10 बजे घाघरा नदी के किनारे अपने खेत को देखने गई थीं। खेत देखने के बाद तीनों नदी में नहाने लगीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उनकी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोशिश कर शैलेद्री को नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, गोल्डी और सुनीता का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों की मदद से नदी में दोनों की तलाश की जा रही है। सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। एसडीआरएफ को भी जानकारी दी गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है और एसडीआरएफ टीम के पहुंचने पर तलाश अभियान तेज किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *