![]()
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लूट व चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोबोट निवासी नजफगढ़, दिल्ली और तरुण निवासी प्रताप नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों ने 31 अगस्त को बहादुरगढ़ में घर से मंदिर जा रही महिला से सोने की चेन झपटी थी। चेन स्नेचिंग की यह वारदात CCTV कैमरे में भी कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।
एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि CIA-2 बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दोनों को बहादुरगढ़ शहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
47 और 27 आपराधिक मामलों में नाम
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रोबोट के खिलाफ लूट व चेन स्नेचिंग समेत 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, तरुण के खिलाफ 27 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
चोरी की बाइक से वारदात, फाइनेंसर को बेच दी थी चेन
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि महिला से छीनी गई सोने की चेन आरोपियों ने एक फाइनेंसर कंपनी को बेच दी थी। पुलिस ने चेन बेचने से संबंधित रसीद भी बरामद कर ली है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में की गई अन्य लूट व चेन स्नेचिंग की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
Source link
दिल्ली, हरियाणा, यूपी में चेन स्नेचिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार:बहादुरगढ़ में मंदिर जा रही महिला से झपटी थी सोने की चेन, CCTV में कैद हुई थी घटना
