![]()
पन्ना जिले के रैपुरा क्षेत्र के ग्राम घुटेही में पिछले सात महीनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों ने लाइनमैन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। विभाग ने बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए पहले 10 प्रतिशत राशि जमा कराने की बात कही है। लाइनमैन पर लगाए लापरवाही के आरोप नीरज बड़ागांव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कनिष्ठ अभियंता शाहिद कमल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गांव की बिजली केबल पिछले 6-7 महीनों से खराब है और 25 केवीए का ट्रांसफार्मर एक साल में पांच बार खराब हो चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैन सरमन लोधी शिकायतों पर ध्यान नहीं देते, फोन नहीं उठाते और कई बार गांव के बच्चों से बिजली संबंधी कार्य करवाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के करीब 70 परिवार लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे हैं। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजमर्रा के काम भी बाधित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल बकाया बिल के कारण पूरे गांव को मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। विभाग ने रखा बकाया भुगतान का पक्ष रैपुरा के कनिष्ठ अभियंता शाहिद कमल ने कहा कि गांव का बिजली बिल बकाया है। विभागीय नियमों के अनुसार, जब तक उपभोक्ता कुल बकाया राशि का कम से कम 10 प्रतिशत जमा नहीं करेंगे, तब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सकता। जेई के जवाब से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। उग्र आंदोलन की चेतावनी शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने पहुंचे समस्त ग्रामवासियों (हल्ले सिंह, राजेन्द्र सिंह, नारायण सिंह, सुरेखा, शुभम सिंह, सोनू सिंह, मिलन यादव, महेन्द्र पाल आदि) ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे शांत नहीं बैठेंगे और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
Source link
घुटेही में 7 महीने से बिजली ठप, 70 परिवार परेशान:लाइनमैन की मनमानी से ग्रामीण नाराज; जेई बोले-10% बिल चुकाओ तब मिलेगा ट्रांसफार्मर
