![]()
चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव राणा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात कर रही है, लेकिन उसे अपने शासनकाल के उन फैसलों को भी याद करना चाहिए, जिन पर पूरे देश में सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों के मामले में खुद सवालों के घेरे में रहा है और जनता सब कुछ याद रखती है। बाबा रामदेव पर कार्रवाई की घटना दिलाई याद संजीव राणा ने कहा कि देश 4-5 जून 2011 की उस घटना को कभी नहीं भूल सकता, जब दिल्ली के रामलीला मैदान में योगगुरु बाबा रामदेव के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और काले धन के मुद्दे पर आंदोलन चल रहा था। उस समय केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार थी। उन्होंने कहा कि आधी रात को पुलिस ने आंदोलन स्थल खाली कराया था, जिससे वहां मौजूद हजारों लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। इस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए थे और इस घटना को लेकर उस समय देशभर में व्यापक बहस छिड़ गई थी। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की यह घटना आज भी लोकतांत्रिक अधिकारों और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के संदर्भ में चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज लोकतंत्र की रक्षा की बातें कर रही है, लेकिन जब वह सत्ता में थी, तब शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया गया, यह देश अच्छी तरह जानता है। अपने शासनकाल के फैसलों पर आत्ममंथन करे भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल के फैसलों और घटनाओं पर आत्ममंथन करना चाहिए। लोकतंत्र केवल भाषण देने से मजबूत नहीं होता, बल्कि सरकारों के आचरण और जनता के प्रति उनके व्यवहार से उसकी वास्तविक पहचान होती है। उन्होंने कहा कि जनता अब पहले से अधिक जागरूक है और इतिहास को भूली नहीं है। देश की जनता लोकतंत्र और संविधान के नाम पर राजनीति करने वालों तथा वास्तव में लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने वालों के बीच अंतर समझती है। राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र, संविधान और शांतिपूर्ण बातचीत में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर नागरिक के अधिकारों का सम्मान करती है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से कहा कि लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले उसे अपने शासनकाल की घटनाओं पर भी नजर डालनी चाहिए, ताकि जनता के सामने पूरी सच्चाई आ सके।
Source link
चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश महामंत्री राणा का कांग्रेस पर हमला:बोले- अपना इतिहास भूल चुकी कांग्रेस, लोकतंत्र पर उपदेश देने से पहले आत्ममंथन करे
