![]()
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर हनोगी टनल के भीतर तेंदुआ दिखाई दिया। कुल्लू की ओर जा रहे एक कार ड्राइवर ने टनल के अंदर तेंदुए को अपनी कार के आगे दौड़ते देखा। ड्राइवर ने सावधानी बरतते हुए इसका वीडियो भी बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले तेंदुआ गाड़ी के आगे तेज रफ्तार से भाग रहा है। इसके बाद वह टनल के भीतर बने फुटपाथ पर दौड़ना शुरू करता है। आखिर में तेंदुआ टनल के भीतर निर्माणाधीन हिस्से में घुस जाता है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोग तेंदुए को लेकर चिंतित नजर आए। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के वाइल्डलाइफ विंग की टीम मौके पर पहुंची और हनोगी टनल सहित आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट की तलाश की। वन विभाग ने की रेकी, नहीं मिला तेंदुआ
डीएफओ मंडी संजीव ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम ने टनल और आसपास के पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक रेकी की। इस दौरान तेंदुए की मौजूदगी के फुटप्रिंट भी मिले, लेकिन तेंदुआ मौके पर नहीं मिला। तेंदुए के जंगल की ओर जाने की उम्मीद
वन विभाग के अनुसार, तेंदुए ने सुबह के समय इस क्षेत्र में दस्तक दी थी। इसके बाद वह जंगल की ओर चला गया। टीम ने काफी देर तक क्षेत्र में निगरानी की, लेकिन तेंदुए की दोबारा कोई मूवमेंट सामने नहीं आई। क्षेत्र में नजर बनाए हुए हैं टीम: DFO
डीएफओ ने स्पष्ट किया कि वीडियो में तेंदुआ टनल के जिस हिस्से में दिखाई दे रहा है, वह गैर-कार्यशील हिस्सा है। इस हिस्से में वाहनों और यात्रियों की आवाजाही नहीं होती। विभाग के अनुसार, वर्तमान में लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। हालांकि, वन विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी जारी है।
Source link
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर टनल में घुसा तेंदुआ:हनोगी में कार के आगे दौड़ता दिखा, ड्राइवर ने बनाई VIDEO; वन विभाग को मिले फुटप्रिंट
