![]()
चंडीगढ़ में 4 सितंबर को उपराष्ट्रपति के दौरे और जन्माष्टमी समारोह के चलते शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने दोनों आयोजनों को लेकर अलग-अलग यातायात सलाह जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में प्रभावित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर 4 सितंबर को सुबह 10:30 से 11:30 बजे और दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित या आंशिक रूप से डायवर्ट रहेगा। इस तरह रहेगा ट्रैफिक रूट दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) तक यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा न्यू लेबर चौक से सेक्टर 7/8-18/19 चौक तक सरोवर पथ पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। सेक्टर 7/8-18/19 चौक से सेक्टर 11/12-14/15 चौक यानी पीजीआई चौक तक मध्य मार्ग पर यातायात नियंत्रित रहेगा। पीजीआई चौक से सेक्टर 24/25 लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 25 स्थित यूआईईटी कॉलेज की तरफ जाने वाले विद्या पथ पर भी यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। जन्माष्टमी पर 2 प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास बदलाव जन्माष्टमी समारोह को लेकर 4 सितंबर दोपहर 12 बजे से 5 सितंबर रात 1 बजे तक शहर के दो प्रमुख क्षेत्रों में यातायात नियंत्रित रहेगा। सेक्टर-36 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी समारोह के चलते दक्षिण मार्ग पर किसान भवन चौक यानी सेक्टर 22/23-35/36 चौक से बत्रा चौक यानी सेक्टर 23/24-36/37 चौक तक यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इसी तरह सेक्टर-20 के मंदिरों में होने वाले जन्माष्टमी समारोह को देखते हुए सेक्टर 20/21 लाइट प्वाइंट से सेक्टर 20/30 लाइट प्वाइंट तक यातायात नियंत्रित रहेगा। पार्किंग को लेकर भी पुलिस की सख्ती ट्रैफिक पुलिस ने कार्यक्रमों में आने वाले मेहमानों, आमंत्रित लोगों और सरकारी कर्मचारियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने या चलाने पर कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों को टो करके हटाया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। यातायात से जुड़े ताजा अपडेट के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों पर जानकारी लेते रहें। पुलिस ने लोगों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
Source link
चंडीगढ़ में उपराष्ट्रपति के दौरे-जन्माष्टमी को लेकर रूट डायवर्ट:पुलिस ने एडवाइजरी की जारी; नियम तोड़ने वाले वाहनों के कटेंगे चालान
