![]()
चंडीगढ़ में 4 युवकों का चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। गिरोह के सदस्य रात के समय दुकानों को निशाना बना रहे हैं। चोरी का तरीका भी लगभग एक जैसा है। चार युवक दुकान के शटर को थोड़ा ऊपर उठाते हैं। इसके बाद एक युवक शटर के नीचे से अंदर घुसकर चोरी करता है और सामान लेकर बाहर निकल जाता है। खास बात यह है कि दोनों वारदातों में आरोपियों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक एक भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। पहली वारदात सेक्टर-27 की एक कन्फेक्शनरी की दुकान में हुई थी। इसके बाद अब सेक्टर-42 के इटावा स्थित जनरल स्टोर को निशाना बनाया गया। यहां चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर करीब 15 हजार रुपए कैश और सिगरेट की 10 डिब्बियां चोरी कर लीं। इस वारदात की पूरी घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक ने पुलिस को शिकायत दी है। मामला थाना-34 पुलिस के पास है। सेक्टर-27 में इसी तरीके से चोरी इससे पहले सेक्टर-27 की एक कन्फेक्शनरी की दुकान में भी इसी तरह चोरी की वारदात हुई थी। वहां भी चार युवक दुकान के बाहर पहुंचे थे। चारों ने मिलकर दुकान का शटर थोड़ा ऊपर उठाया और उसका ताला तोड़ा।इसके बाद एक युवक शटर के नीचे से लेटकर दुकान के अंदर घुस गया। अंदर जाने के बाद उसने सामान उठाया और शटर के नीचे से बाहर अपने साथियों की तरफ फेंकता रहा। बाहर खड़े युवक सामान उठाकर अपने साथ ले जाते रहे। सेक्टर-42 की वारदात में भी चोरों ने लगभग यही तरीका अपनाया। दोनों घटनाओं में चार युवकों का शामिल होना और शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर एक युवक का अंदर घुसना सामने आया है। इससे पुलिस के सामने दोनों वारदातों के बीच समानता भी जांच का अहम बिंदु बन गई है। चेहरे साफ, फिर भी पुलिस के हाथ खाली दोनों घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग हो सकता है। आरोपियों के चेहरे कैमरे में साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सेक्टर-42 के दुकानदारों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता है। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि ऐसी वारदातों पर रोक लग सके। जानिए किस तरीके से सिलसिलेवार हुई चोरी….. पुलिस को शिकायत कार्रवाई नही: दुकान मालिक दीपक महाजन ने बताया कि सेक्टर-42 इटावा में उनकी जनरल स्टोर की दुकान काफी पुरानी है। वह रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखा करीब 15 हजार रुपए कैश गायब था। इसके अलावा सिगरेट की करीब 10 डिब्बियां भी चोरी हो चुकी थीं। सीसीटीवी चेहरे नजर आए: चोरी का पता चलने के बाद दीपक महाजन ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में चार युवक साफ दिखाई दे रहे हैं। चारों की उम्र ज्यादा नहीं लग रही है और उनके चेहरे भी कैमरे में स्पष्ट नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि चारों युवक रात के समय दुकान के बाहर पहुंचते हैं। उनमें से एक युवक शटर को ऊपर उठाने की कोशिश करता है, लेकिन वह अकेले शटर नहीं उठा पाता। इसके बाद दूसरा युवक उसकी मदद के लिए आता है। दोनों काफी देर तक शटर को उठाने की कोशिश करते हैं। लोहे के नुकीली चीज से ताेड़ा: चोरों के हाथों में लोहे का सामान भी दिखाई दे रहा है। इसी सामान की मदद से उन्होंने शटर के अंदर लगा ताला तोड़ा। इसके बाद शटर को थोड़ा ऊपर उठाया गया। चारों में से एक युवक शटर के नीचे से लेटकर दुकान के अंदर घुस गया। सिगरेट की टिब्बी जेब में डाली: कुछ देर बाद वह युवक चोरी का सामान लेकर बाहर आया। सीसीटीवी फुटेज में वह दुकान के अंदर गल्ले से पैसे उठाता हुआ भी साफ दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने दुकान में रखी सिगरेट की डिब्बियां उठाईं और अपनी जेब में डाल लीं। चोरी के दौरान दुकान के अंदर की पूरी गतिविधि कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। चोरी करने के बाद युवक शटर के नीचे से बाहर निकल आया और अपने साथियों के साथ वहां से चला गया। इस तरह चारों युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
Source link
चंडीगढ़ में 4 चोरों का गैंग सक्रिय:सेक्टर-42 जनरल स्टोर में वारदात, CCTV में चारों के चेहरे साफ नजर, इसी तरीके पहले चोरी
