![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी संस्थान में गुरुवार दोपहर एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में रिपेयर का काम कर रहे तीन कर्मचारी झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर संस्थान में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नीचे उतारा और इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार, मोहाली की एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारी संस्थान में एसी की मरम्मत करने पहुंचे थे। संस्थान के रिसेप्शन पर एंट्री दर्ज कराने के बाद तीनों कर्मचारी छत पर लगे एसी के कंप्रेसर की मरम्मत करने चले गए। रिपेयर का काम चल ही रहा था कि अचानक कंप्रेसर में तेज धमाका हो गया। तीनों आए हादसे की चपेट में हादसे के समय गुरविंदर सबसे आगे काम कर रहा था, जबकि उसके दो साथी पीछे खड़े थे। धमाके का सबसे ज्यादा असर गुरविंदर पर पड़ा। उसके दोनों हाथ, चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। वहीं पीछे खड़े दोनों कर्मचारी भी धमाके की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद संस्थान के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों घायलों को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। सेक्टर-26 थाना पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय अचानक ब्लास्ट हुआ। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई। थाना-26 का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहीं प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय ने बताया कि महात्मा गांधी संस्थान में एसी का कंप्रेसर रिपेयर करते समय ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। मामले की जांच की जा रही है। जानिए, सिलसिलेवार कैसे हुआ हादसा… मोहाली से रिपेयर करने पहुंचे थे कर्मचारी: गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे मोहाली की एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारी सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी संस्थान में एसी की मरम्मत के लिए पहुंचे। संस्थान के रिसेप्शन पर एंट्री दर्ज कराने के बाद तीनों छत पर चले गए। रिपेयर के दौरान हुआ जोरदार धमाका: तीनों कर्मचारी छत पर लगे एसी के कंप्रेसर की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कंप्रेसर में तेज धमाका हो गया। धमाके की आवाज से पूरे संस्थान में अफरा-तफरी मच गई। सबसे ज्यादा गुरविंदर झुलसा: हादसे के समय गुरविंदर सबसे आगे काम कर रहा था। धमाके की चपेट में आने से उसके दोनों हाथ, चेहरा और शरीर का हिस्सा झुलस गया। उसके पीछे खड़े दोनों साथी भी घायल हो गए। अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी: घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डॉक्टरों के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
Source link
चंडीगढ़ में AC कंप्रेसर फटा, तीन कर्मचारी झुलसे:महात्मा गांधी संस्थान में रिपेयर के दौरान हादसा, तीनों अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
