Headlines

चंडीगढ़ से बिहार जाने वाली ट्रेनों में बढ़ाए जाएं फेरे:सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री-राष्ट्रपति को भेजा पत्र; स्टेशनों पर सुरक्षा-सुविधाओं का इंतजाम हों




दीपावली और छठ पूजा पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चंडीगढ़ से विशेष ट्रेनें चलाने की मांग उठी है। सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद सिंह ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और राष्ट्रपति को पत्र भेजकर त्योहारों से पहले विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों में अभी करीब 50 दिन का समय है, लेकिन कई ट्रेनों में टिकट उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अरविंद सिंह ने पत्र में कहा कि चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग रोजगार और अन्य कारणों से रहते हैं। दीपावली और छठ पूजा पर ये लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बिहार और पूर्वांचल स्थित अपने गृह क्षेत्रों में जाते हैं। इस दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। कई ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही सीटें भर जाती हैं और वेटिंग टिकट भी मिलना कठिन हो जाता है। तत्काल टिकट हासिल करने में भी यात्रियों को परेशानी होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को होती है परेशानी अरविंद सिंह के मुताबिक, टिकट उपलब्ध नहीं होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और नौकरीपेशा लोगों के लिए त्योहारों पर समय से घर पहुंचना चुनौती बन जाता है। उन्होंने रेलवे से चंडीगढ़ से बिहार के प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है। इसके साथ ही मौजूदा ट्रेनों में यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने और त्योहारों के दौरान ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का सुझाव दिया है। पहले से दी जाए विशेष ट्रेनों की जानकारी पत्र में मांग की गई है कि रेलवे विशेष ट्रेनों की घोषणा और उनकी समय-सारिणी की जानकारी यात्रियों को काफी पहले दे, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना बना सकें। इसके अलावा टिकट बुकिंग प्रणाली की क्षमता और पारदर्शिता बढ़ाने तथा तत्काल टिकट व्यवस्था को सुगम बनाने की भी अपील की गई है। स्टेशनों पर सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम हों त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर संभावित भीड़ को देखते हुए अरविंद सिंह ने सुरक्षा, साफ-सफाई और पेयजल के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ परिवार के साथ खुशियां बांटने के पर्व हैं। ऐसे में रेलवे को यात्रियों की संभावित भीड़ का आकलन कर अभी से अतिरिक्त ट्रेनों और कोच की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि लोगों को अंतिम समय में टिकट के लिए परेशान न होना पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *