चिरवा टनल में भूस्खलन और सड़क हादसे का मॉक ड्रिल:दो वाहनों के टकराने से सात लोग फंसे, टीम ने किया रेस्क्यू




उदयपुर की चिरवा टनल में भूस्खलन और सड़क हादसे जैसी स्थिति बनाई गई। भूस्खलन के कारण टनल में धूल और धुआं फैल गया, जिससे सामने दिखना मुश्किल हो गया। इसी दौरान दो वाहन आपस में टकरा गए। दोनों वाहनों में कुल सात लोगों के फंसे होने का सीन तैयार किया गया। रेस्क्यू टीम ने कुछ ही देर में सभी को बाहर निकाला हादसे की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी उदयपुर टोलवे (एसयूटीपीएल) की रूट पेट्रोल टीम, सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ मौके पर पहुंची। टीम ने हाइड्रोलिक रेस्क्यू मशीनों और बिजली से चलने वाले कटिंग टूल्स की मदद से वाहनों में फंसे सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पूरे बचाव अभियान का निरीक्षण एनडीआरएफ के अनुपम और एनएचएआई के अधिकारियों ने किया। उन्होंने सभी एजेंसियों के बेहतर तालमेल, तेज कार्रवाई और बचाव कार्य की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभ्यास से वास्तविक आपदा या सड़क हादसे के समय राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा सकता है और लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। राजसमंद की कंपनी ने कराया संयुक्त मॉक ड्रिल मॉक ड्रिल बुधवार को राजसमंद की श्रीनाथजी उदयपुर टोलवे प्रा. लि. (SUTPL) की ओर से की गई। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थिति में सभी एजेंसियों की तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था। इस अभ्यास में सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राजस्थान पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों व जवानों ने भाग लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *