![]()
अयोध्या जिले के हैरिंग्टनगंज ब्लॉक स्थित मलेथू बुजुर्ग गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी कुशल सिंह का चीन से लौटने के बाद सम्मान का सिलसिला जारी है। रविवार 26 जुलाई दोपहर बाद सहकारी गन्ना विकास समिति मसौधा के अध्यक्ष और भाजपा नेता संतोष सिंह ने अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचकर कुशल सिंह का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर संतोष सिंह ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले कुशल सिंह ने चीन में आयोजित एशियन वॉलीबॉल कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कुशल सिंह की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है कि एशियन वॉलीबॉल कप प्रतियोगिता में अंडर-18 भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम के सदस्य रहे कुशल सिंह के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी उनका स्वागत किया था। उनकी स्वदेश वापसी की खबर से गांव में उत्सव का माहौल बन गया था। गन्ना परिषद की पूर्व अध्यक्ष महादेव यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कुशल सिंह ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा होगा और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सम्मान से अभिभूत कुशल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे अयोध्या और देशवासियों का है। उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रयास करने की अपील की। कुशल सिंह 10 जुलाई को दिल्ली से चीन के लिए रवाना हुए थे। उनका चयन एशियन वॉलीबॉल कप के लिए अंडर-18 राष्ट्रीय पुरुष वॉलीबॉल टीम में हुआ था। 22 सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा बनकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अयोध्या का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर सूर्यभान सिंह, भूपेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, सीताराम सिंह, पंकज सिंह, धर्मेंद्र सिंह कल्लू, दुर्गेश सिंह, राहुल सिंह, शिवम सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
चीन से लौटे अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी का सम्मान:भाजपा नेता बोले- अयोध्या के लाल ने देश-प्रदेश का बढ़ाया मान
