![]()
पठानकोट में एक चोर चोरी करने की नीयत से ज्वेलर की निर्माणाधीन बिल्डिंग में घुस गया। उसने वहां से माल समेट लिया। इसके बाद वह फरार होने के बजाय वहां पड़े फोल्डिंग बेड पर लेट गया और सो गया। सुबह जब लोग सैर करने निकले तो अनजान आदमी को सोते देख उन्हें शक हो गया। उन्होंने तुरंत पुलिस की डायल-112 टीम को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर उसे नींद से जगाया। नींद खुलते ही आसपास लोगों की भीड़ और पुलिस को देखकर उसके हावभाव ऐसे हो गए कि पुलिसकर्मी भी हंसी नहीं रोक सके। पुलिस ने मौके पर पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। दीवार फांदकर मकान में घुसा
ये मामला वार्ड-23 की शाह कॉलोनी का है। युवक एक सुनार के निर्माणाधीन मकान में दीवार फांदकर दाखिल हुआ था। उसने वहां रखा इनवर्टर और भारी बैटरी चोरी कर ली। इस दौरान बैटरी के साथ तोड़फोड़ भी की। वारदात के बाद वह बाहर निकलने के बजाय मकान में पड़े फोल्डिंग बेड पर लेट गया और गहरी नींद में सो गया। सैर पर निकले लोगों की पड़ी नजर
सुबह कॉलोनी निवासी माणिक महाजन, संजय, राजिंदर मन्हास, अभि, सोनू, विक्रान्त, विनीत, अभिनव और हरीश पाल बिट्टू सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर निर्माणाधीन मकान में सो रहे युवक पर पड़ी। शक होने पर लोगों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जगाया। आसपास लोगों की भीड़ देखकर वह भौचक्का रह गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाना डिवीजन नंबर-2 ले गई। इनवर्टर पास मिला, गार्डन में थी बैटरी
पुलिस ने मौके से चोरी का सामान बरामद किया। इनवर्टर युवक के पास ही पड़ा था, जबकि बैटरी पीछे गार्डन में कपड़े में बंधी मिली। बैटरी टूटी हुई थी। यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी ने उसके साथ तोड़फोड़ की थी या वह उसके हाथ से गिरकर टूट गई। पुलिस इसकी जांच कर रही है। सामान में मिली तीखी लाल मिर्च
आरोपी की तलाशी के दौरान उसके सामान से तीखी लाल मिर्च से भरा एक डिब्बा भी मिला। आशंका जताई जा रही है कि पकड़े जाने की स्थिति में वह पीछा करने वालों की आंखों में मिर्च डालकर भागने की तैयारी में था। हालांकि, लाल मिर्च रखने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। लगातार चोरियों के बाद बनाई थी कमेटी
पार्षद विकास ने बताया कि मोहल्ले में लगातार चोरी की घटनाओं के बाद लोगों ने एक कमेटी बनाई थी। कमेटी के सदस्य कॉलोनी में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हैं। कुछ दिन पहले भी मोहल्ले में चोरी हुई थी। जिस घर से इनवर्टर और बैटरी चोरी हुई, वहां पहले भी 2-3 बार चोरी हो चुकी है। ऐसे में मोहल्लावासी पहले से सतर्क थे। रविवार सुबह कमेटी के सदस्य सैर पर निकले तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। लोगों को शक हुआ कि चोर पास में निर्माणाधीन मकान की तरफ गया होगा। वहां पहुंचने पर युवक चोरी के सामान के साथ बेड पर सोता मिला। पुराने मामलों में भी पूछताछ थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि लोगों ने जिस युवक को पुलिस के सुपुर्द किया था, उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उससे पुराने मामलों में चोरी किए गए सामान की रिकवरी को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा। युवक से पुलिस ने पूछताछ की, जो वीडियो में है… पुलिस: करने क्या आया है यहां ? बेड से नीचे आ। पुलिस: यहां क्या करने आया था? यहां क्या कर रहा है… कोई काम क्यों नहीं करता? अपने घर में बैठ, क्या यह तेरा घर है? युवक: हांजी? पुलिस: वो बैटरी कहां से उठाई? बैटरी उठाकर ले आया, इनवर्टर लगा लिया… इनवर्टर-बैटरी कहां है? बैटरी कहां है? ट्रॉली की जो बैटरी लगवाई थी, वो कहां है? युवक हैरान होकर इधर-उधर देखने लगता है। लोग: वही बंदा है। पुलिस: चल, कपड़े पहन और पानी पीकर चल। (चोर को पकड़ते हुए) पुलिस: पकड़ा गया! इधर आ, कौन सा तेरा मोहल्ला या गांव है? गांव कौन सा है तेरा? पुलिस: कितनी बार आया है तू काका यहां पर? पुलिस: कितनी बार आया है तू इस इलाके में? युवक: पहली बार आया हूं। लोग: पहली बार आया है? तीन बार तू पहले भी आ चुका है! युवक: नहीं… पहली बार। पुलिस: नाम क्या है तेरा? नाम बता! लोग: सीधे आकर यहीं लेट गया! यह क्या तेरा घर है? यहां कब से आ रहा है तू? लोग: यह बैटरा नहीं है… बड़ा बैग कहां पड़ा है ? युवक: बाहर पड़ा है… हां जी। पुलिस: उसको जरा पकड़ना, इसको बाहर निकालो, मैं थाने लेकर जाता हूं युवक: मुझे छोड़ दो गलती हो गई.. पुलिस: चल इसे ले जाओ. चल अंदर, नहीं तो लोग तुझे पीटेंगे, फिर तू सही रहेगा, तुझे तो सीधा कर देना चाहिए था। लोग (तंज कसते हुए): चलो जी, देखो कितना सुंदर बेड लगाया है इसने, क्या बात है! यही सामान था सारा? (लाल मिर्च मिलने पर) लोग: मिर्चें लाया है साथ में जी! आंखों में मारने के लिए मिर्चें लाया है… लोगों की आंखों में डालने के लिए साथ में मिर्चें रखी हुई हैं! देखो, यह मिर्चें पड़ी हैं इसके पास। (चोरी के सामान की जांच करते हुए) लोग: आजा, किधर है? बैटरी कहां है? लोग: यह देखो बैटरी, यह देखो जी! ढक्कन का हाल देखो, हिम्मत देखो इसकी! इसने बैटरी निकाली और तोड़ भी दी… देखो पूरी बैटरी तोड़ दी है। लोग: पुलिस सर, इसने साथ में मिर्चें भी रख रखी हैं! पुलिस: पानी पिलाओ इसे… पानी पी। पुलिस: बोलो, पकड़ा नहीं जाता था.. गंद डाल रखा है। लोग: रुक जाओ, इसे अंदर ही ले चलो… पुलिस: नहीं यार, वैसा नहीं करना आपको इसके बाद पुलिस उसे 112 ईआरवी में बैठाकर थाना 2 में ले गई।
Source link
चोरी का माल समेट वहीं पलंग पर सो गया चोर:पठानकोट में सुबह लोगों ने जगाया तो आंख खुली; उसके हावभाव देख पुलिस भी हंस पड़ी
