![]()
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती, आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। विशाखापट्टनम में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के वार्षिक सम्मेलन में छत्तीसगढ़ को ‘बेस्ट इमर्जिंग टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रतिनिधियों ने यह पुरस्कार लिया। चार दिन के इस सम्मेलन का विषय ‘भारत—विश्व के पर्यटन अवसरों का अगला बड़ा केंद्र’ था। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को वीडियो के जरिए दिखाया गया। इसमें बस्तर के झरने, घने जंगल, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, दंतेवाड़ा के धार्मिक स्थल और बस्तर की आदिवासी संस्कृति को खास तौर पर पेश किया गया। सम्मेलन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री कंदुला दुर्गेश और विशेष मुख्य सचिव शमशेर सिंह रावत समेत देशभर के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा भी सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा देने की बात रखी। इस दौरान उन्हें भी सम्मानित किया गया। भारतीय पर्यटन मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन में देश-विदेश से आए ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के पर्यटन स्थलों में काफी रुचि दिखाई। टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ के नए टूरिस्ट पैकेज, एडवेंचर स्पॉट और ईको-टूरिज्म सर्किट को अपनी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर लिस्ट में शामिल करने का न्योता दिया गया। इस सम्मान से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ में पर्यटन निवेश बढ़ने और देश-विदेश से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है।
Source link
छत्तीसगढ़ को मिला बेस्ट इमर्जिंग टूरिस्ट डेस्टिनेशन का अवार्ड:विशाखापट्टनम में 41वें IATO सम्मेलन में प्राकृतिक, सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी प्रस्तुति
