Headlines

'छात्रों पर लाठी, नेताओं पर पुलिस का दबाव’,:जन सुराज का भाजपा पर हमला, कहा- पुलिस के सहारे चुनाव लड़ रही भाजपा




जन सुराज पार्टी ने आज पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी नेताओं ने नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। साथ ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग और भाजपा द्वारा चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने को लेकर भी सरकार को घेरा। “छात्रों पर हुई बर्बरता लोकतंत्र के लिए शर्मनाक” बांकीपुर विधानसभा के प्रभारी और पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि गांधी मैदान के पास छात्र आंदोलन के दौरान जो कार्रवाई हुई, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र केवल पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर सरकार से जवाब और संवाद चाहते थे, लेकिन सरकार ने बातचीत के बजाय बल प्रयोग का रास्ता चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को काफी पहले ही इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए थी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाना चाहिए था। उनका कहना था कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होना व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। छात्रों पर जिस तरह लाठीचार्ज किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और जन सुराज आंदोलनरत छात्रों की मांगों के साथ खड़ा है। “जन सुराज नेताओं को आधी रात में डराने की कोशिश” रामबली चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि देर रात भारी संख्या में पुलिस बल ने होटल पहुंचकर जन सुराज नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूछताछ की तथा उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि होटल का दरवाजा खुलवाने के लिए दबाव बनाया गया और यह पूछा गया कि नेताओं को वहां किसने ठहराया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य राजनीतिक दलों के नेता भी होटलों में ठहरे हुए हैं, तब केवल जन सुराज के नेताओं को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। “भाजपा जन सुराज से घबराई हुई है” : किशोर कुमार पूर्व विधायक किशोर कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा जन सुराज की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। भाजपा ने बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई, जबकि पहले वही पार्टी विपक्षी दलों के चुनाव आयोग जाने पर सवाल उठाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने काम के आधार पर जनता के बीच जाने के बजाय पुलिस के जरिए विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रही है। उनका दावा था कि 19 से 22 जुलाई के बीच जन सुराज के कई समर्थकों और कार्यकर्ताओं के घरों पर देर रात पुलिस भेजकर दबाव बनाने की कोशिश की गई। किशोर कुमार ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के दौरान पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, न कि किसी राजनीतिक दल के इशारे पर कार्रवाई करना। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर विरोधियों के खिलाफ भ्रामक प्रचार में लगी हुई है। “बांकीपुर भाजपा का गढ़ नहीं, हवा है” : विवेक कुमार पार्टी प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से बांकीपुर को अपना गढ़ बताती रही है, लेकिन अब उसकी बेचैनी साबित करती है कि वह अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग में मनगढ़ंत शिकायतें कर रही है और चुनावी मुकाबले से पहले ही दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। विवेक कुमार ने कहा कि संसाधनों के मामले में भाजपा काफी मजबूत है, लेकिन जनता बदलाव चाहती है और यही कारण है कि भाजपा जन सुराज से डर रही है। छात्र आंदोलन और बांकीपुर चुनाव को जोड़ा प्रेस वार्ता में जन सुराज नेताओं ने छात्र आंदोलन, पेपर लीक, पुलिस कार्रवाई और बांकीपुर उपचुनाव के मुद्दों को जोड़ते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि वह छात्रों के आंदोलन के समर्थन में खड़ी है और चुनाव के दौरान विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं के साथ कथित प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध जारी रखेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *