Headlines

जगराओं का बाग खेताराम मोहल्ला गंदे पानी में डूबा:दर्जनों बीमार; सीवरेज जाम से एक महीने से दूषित पानी घरों में भर रहा, पार्षद ने धरने की चेतावनी दी




लुधियाना के जगराओं के वार्ड नंबर 21 स्थित मोहल्ला बाग खेताराम के निवासी पिछले एक महीने से भी अधिक समय से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इलाके में सीवरेज जाम की गंभीर समस्या के कारण गंदा पानी गलियों में जमा हो गया है और लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सीवरेज का यह दूषित पानी अब पीने की सप्लाई वाले पानी में भी मिक्स हो रहा है, जिससे इलाके में भयंकर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। दूषित पानी के इस कॉकटेल के कारण मोहल्ले के करीब एक दर्जन छोटे बच्चे संक्रमण और तेज बुखार की चपेट में आ चुके हैं, जिनका परिजनों द्वारा डॉक्टरों से इलाज करवाया जा रहा है। सोमवार सुबह वार्ड नंबर 21 की पार्षद कविता कक्कड़ ने प्रभावित मोहल्ले का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे पानी को उबालकर पी रहे हैं, फिर भी बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। प्रशासन पर केवल ‘औपचारिकता’ पूरी करने का आरोप बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने से नगर कौंसिल के खिलाफ लोगों में भारी रोष है।पार्षद कविता कक्कड़ ने कहा कि उन्होंने कई बार नगर कौंसिल अधिकारियों और प्रधान के समक्ष यह मामला उठाया। कर्मचारी सीवरेज साफ करने वाली मशीन लेकर पहुंचे तो सही, लेकिन केवल 10 मिनट खानापूर्ति (मशीन चलाकर) करने के बाद वापस लौट गए, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। कविता कक्कड़ कहा कि अगर जल्द ही बाग खेताराम के लोगों की इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मोहल्ला निवासी मजबूर होकर मुख्य सड़क पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और मैं खुद इस धरने में लोगों के साथ बैठूंगी। विधायक से शिकायत का भी असर नहीं निवासियों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर हलका विधायक सरबजीत कौर मानूके के घर भी गए थे और उन्हें पूरे हालात से अवगत कराया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी राहत नहीं मिली। हालत यह है कि लोग आज भी इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए परेशान हैं। बारिश में घरों के कमरों तक पहुंच जाता है गंदा पानी मोहल्ला निवासियों के अनुसार, बारिश के दिनों में हालात और भी खौफनाक हो जाते हैं। बारिश का पानी सीवरेज के पानी के साथ मिलकर घरों के कमरों तक घुस जाता है। पानी निकालने के बाद भी कई दिनों तक कमरों में असहनीय बदबू बनी रहती है। स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को गलियों में जमा गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने अस्थायी तौर पर गलियों में ईंटें रखी हैं, जिन पर पैर रखकर वे रास्ता पार करने को मजबूर हैं। निवासियों की मुख्य मांगें: सीवरेज समस्या का केवल कुछ मिनट मशीन चलाकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय स्थायी समाधान किया जाए। मोहल्ले में सप्लाई हो रहे पीने वाले पानी के तुरंत सैंपल लेकर जांच करवाई जाए, ताकि बीमारी फैलने के खतरे को रोका जा सके।
जल्द कार्रवाई का आश्वासन: नगर कौंसिल प्रधान इस पूरे मामले पर जब नगर कौंसिल प्रधान कंवरपाल सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि बाग खेताराम में सीवरेज जाम की समस्या अब उनके ध्यान में आ गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह तुरंत सीवरेज विभाग के मुखी (प्रमुख) से बात कर टीम को मौके पर भेज रहे हैं और जल्द से जल्द इस समस्या का मुकम्मल समाधान करवा दिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि नगर कौंसिल प्रधान के इस आश्वासन के बाद धरातल पर कोई कार्रवाई होती है या फिर वार्ड नंबर 21 के वासियों को एक बार फिर केवल वादों के सहारे ही छोड़ दिया जाता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *