Headlines

जगराओं नगर कौंसिल बिना टेंडर सड़क खोदने पर सख्त:ठेकेदार से होगी भरपाई, 19 लाख के टेंडर की जांच; पेमेंट रोकने के निर्देश




लुधियाना जिले के जगराओं में माता चिंतपूर्णी मंदिर रोड के पास बिना टेंडर और अनुमति के सड़क खोदी गई है। नगर कौंसिल ने साफ किया है कि खोदी गई सड़क की मरम्मत का खर्च ठेकेदार को उठाना होगा। ठीक न करने पर उस पर कार्रवाई हो सकती है। नगर कौंसिल के एएमआई अशोक कुमार ने बताया कि खोदी गई सड़क का टेंडर नहीं लगा था, इसलिए पाइपों की पेमेंट पास नहीं होगी। उन्होंने जेई को निर्देश दिए हैं कि बिना प्रस्ताव पास हुए बिल मंजूर न करें। ठेकेदार को जल्द सड़क ठीक करवाए, वरना उसे ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। उन्होंने साफ कहा कि टेंडर वाली सड़क के निर्माण में लगी एक-एक टाइल की पैमाइश के आधार पर ही भुगतान किया जाएगा। बिना उचित प्रक्रिया और मंजूरी के किए गए कार्य का बिल पास नहीं होगा। अशोक कुमार के अनुसार, माता चिंतपूर्णी मंदिर रोड का 19 लाख रुपए का टेंडर पूर्व पार्षद अमन कपूर बोबी के समय पास हुआ था। सवाल है कि जब एक सड़क का टेंडर पास था, तो दूसरी सड़क को किसकी अनुमति से खोदा गया? आरोप है कि इस खुदाई से नगर कौंसिल को लाखों का नुकसान हुआ है। मामले की जांच होगी। वही मामले में ठेकेदार के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग भी उठने लगी है। मुख्यमंत्री से विजिलेंस तक पहुंची शिकायत उधर, शहर के समाजसेवी ने पंजाब के मुख्यमंत्री, पंजाब सरकार के मुख्य सचिव, स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक और स्टेट विजिलेंस को शिकायत भेजकर मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने नगर कौंसिल में नक्शे पास करने और कथित अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों की भूमिका की जांच करवाने की मांग उठाई है। नगर कौंसिल पर टिकीं निगाहें अब देखना यह होगा कि नगर कौंसिल द्वारा घोषित कार्रवाई केवल ठेकेदार तक सीमित रहती है या सड़क खोदने की अनुमति देने और कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाती है। फिलहाल, सड़क की मरम्मत, पाइपों के भुगतान और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पर शहरवासियों की नजरें टिकी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *