![]()
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है, जिससे युवाओं का सरकार पर से भरोसा उठता जा रहा है। रविवार को शिमला के जाखू वार्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने ये आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस द्वारा निकाले गए कैंडल मार्च को केवल राजनीतिक अवसरवाद बताया। ठाकुर ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रहीं, वहां भर्ती परीक्षाओं में सबसे अधिक घोटाले सामने आए। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में 22 और छत्तीसगढ़ में 18 पेपर लीक के मामले दर्ज किए गए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भी भर्ती अनियमितताओं पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा का भी जिक्र किया, जहां अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल की शिकायतें दर्ज करवाई थीं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं करवाई है। सीबीआई रिपोर्ट में नामित अधिकारियों के खिलाफ को दी तरक्की जयराम ठाकुर ने याद दिलाया कि भाजपा सरकार के समय पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में तत्काल सीबीआई जांच करवाई गई थी। उन्होंने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाया कि सीबीआई रिपोर्ट में नामित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां और पदोन्नति दे दी गई। जयराम ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उन्हें संरक्षण क्यों दिया जा रहा है। ठाकुर ने जोर देकर कहा कि प्रदेश का युवा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहता है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल रही है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना इस दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना की और इसे समाज को प्रेरणा तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा देने वाला अभियान बताया। उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
Source link
जयराम ने हिमाचल सरकार को घेरा:पेपर लीक के आरोपियों को बचाने का आरोप; कहा-कांग्रेस का कैंडल मार्च राजनीतिक अवसरवाद
