Headlines

जालंधर की रेलवे मार्केट में 3 फीट तक जलभराव:80 से अधिक दुकानें बंद, व्यापार प्रभावित होने पर कारोबारी परेशान




जालंधर में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम बदलने से तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया। करीब एक घंटे की बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में पुरानी रेलवे रोड रही, जहां दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण पूरी मार्केट प्रभावित हुई और लगभग 80 दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ीं। बाजार में पानी भरने से ग्राहकों की आवाजाही भी पूरी तरह रुक गई।

बारिश के दौरान सड़क पर खड़े पानी से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर बाइक चालकों के लिए हालात बेहद मुश्किल रहे, कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए। पैदल चलने वालों को भी जलभराव के कारण लंबे समय तक जूझना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह समस्या नई नहीं है। उनका आरोप है कि पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से रेलवे रोड पर हर बारिश में जलभराव होता है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। दुकानदारों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से रेलवे रोड क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था में सुधार करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में भी व्यापारियों और आम लोगों को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *