![]()
जुलाना कस्बे की अग्रसेन धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक विनेश फोगाट का दर्द छलक आया। कहा कि जब उन्होंने पहली बार राजनीति में कदम रखा था तो उन्हें राजनीति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन जुलाना के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि मात्र 25 दिन में कार्यकर्ताओं ने उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया। कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों की पार्टी है और गरीब से गरीब व्यक्ति को भी टिकट देने का अवसर देती है। विनेश बोलीं- दुख होता है, क्षेत्र के लिए कुछ नहीं कर पाई विनेश फोगाट ने कहा कि उन्हें दुख होता है कि वह अभी तक वह सब नहीं कर पा रही हैं, जिसकी जुलाना के लोग उनसे अपेक्षा कर रहे हैं। जुलाना के लोगों को उनका हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जुलाना की अलग पहचान होगी। उन्होंने कहा कि वह खुद को छोटी समझती हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि शहरी प्रधान संदीप पांचाल को भी आगामी चुनाव में मौका मिल सकता है। फोगाट ने कहा कि जब कभी वह राजनीति से संन्यास लें तो उनके मन में यह संतोष होना चाहिए कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई और लोगों के लिए अपना काम ठीक से किया। भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की : राव नरेंद्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार वोट चोरी के माध्यम से बनाई गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। कांग्रेस की मांग है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। यह नेता रहे मौजूद बैठक में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जुलाना विधायक विनेश फोगाट, जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर, जिला महासचिव नवीन सांगवान सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन को मजबूत करने के लिए सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
Source link
जुलाना में विधायक विनेश फोगाट का छलका दर्द:बोलीं- जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई, खुद को छोटी समझती हूं, कार्यकर्ताओं ने बड़ा बनाया
