झाझा में IOCL पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी:जमुई में वाल्व लगाकर की गई वारदात, पुलिस और IOCL जांच में जुटी




जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत हल्दिया-बरौनी क्रूड ऑयल पाइपलाइन से तेल चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने बाराजोर गांव के पास प्वाइंट संख्या 409.5 पर पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए एक बड़ा गड्ढा खोदा। इसके बाद पाइप में अवैध रूप से वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल की चोरी की और फरार हो गए। इस घटना ने पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईओसीएल को पाइपलाइन में अचानक दबाव (प्रेशर) कम होने की सूचना मिली। इसके बाद कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां पाइपलाइन से छेड़छाड़ और तेल चोरी का खुलासा हुआ। घटना की सूचना तत्काल झाझा थाना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। 2 रात चोरों ने वारदात को दिया अंजाम प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पाइपलाइन में दबाव कम होने के बाद कंपनी को इसकी जानकारी मिली और मंगलवार को चोरी का पता चल सका। घटनास्थल पर पहुंची आईओसीएल की 16 सदस्यीय मेंटेनेंस टीम क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत में जुट गई है। मेंटेनेंस कर्मी मो. कलीम ने बताया कि चोरों ने पाइपलाइन में अवैध रूप से वाल्व लगाकर तेल निकाला है। फिलहाल, पाइपलाइन पर अस्थायी कवर लगाकर उसे सुरक्षित किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद लाइन को दोबारा चालू कर तेल की आपूर्ति बहाल की जाएगी। घटनास्थल से मिले गाड़ी के टायरों के निशान जांच के दौरान घटनास्थल से चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे यह आशंका है कि चोरी किए गए तेल को वाहन के जरिए ले जाया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके। आईओसीएल के अभियंता अतुल्य शिवम द्वारा मामले में झाझा थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। वहीं, पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *