झाबुआ में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू:फोरलेन मुआवजे की मांग पर कलेक्ट्रेट परिसर घेरा




झाबुआ में बदनावर-टिमरवानी फोरलेन निर्माण के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने गुरुवार से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले यह प्रदर्शन उन किसानों द्वारा किया जा रहा है, जो दिए जा रहे मुआवजे से असंतुष्ट हैं। इस विरोध प्रदर्शन में प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज के किसान भी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। इस आंदोलन में भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के संभाग अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौर, प्रांत उपाध्यक्ष दयाराम पटीदार, जिला अध्यक्ष बच्चू सिंह मेड़ा और जिला मंत्री वरदीचंद पटीदार सहित कई किसान नेता उपस्थित रहे। किसानों की लंबे समय से मांग है कि उन्हें फोरलेन भूमि अधिग्रहण के बदले नियमानुसार बाजार मूल्य से चार गुना अधिक मुआवजा दिया जाए। प्रशासन की कथित उदासीनता से नाराज किसानों ने धरना स्थल पर सद्बुद्धि के गीत गाकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का अनूठा तरीका अपनाया। यहां से भी आए प्रदर्शनकारी यह आंदोलन जिला मुख्यालय के अलावा पेटलावद, थांदला और मेघनगर क्षेत्रों में भी चरणबद्ध प्रदर्शनों के बाद शुरू हुआ है। गत 31 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के थांदला प्रवास के दौरान भी किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कोई ठोस निर्णय न होने से उनमें गहरा असंतोष व्याप्त है। जिले में अब तक के इस सबसे बड़े किसान प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। झाबुआ कोतवाली सहित आसपास के थानों से भारी पुलिस बल कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात किया गया है। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। अपनी दृढ़ता दिखाते हुए किसान धरना स्थल पर ही भोजन बनाने के सामान और विश्राम की पूरी व्यवस्था के साथ पहुंचे हैं, जो लंबे समय तक आंदोलन जारी रखने की उनकी तैयारी को दर्शाता है। कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते किसान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *