![]()
झाबुआ में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया ने डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद उपस्थित नागरिकों और प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ। ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने राष्ट्रध्वज को नमन किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले अमर सेनानियों को भी याद किया। सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस का जयघोष किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर मंत्री भूरिया ने स्वतंत्रता सेनानियों, जिले के पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों और शहीदों के परिजनों को पुष्पमाला, श्रीफल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सीएम के संदेश का सीधा प्रसारण किया समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई देते हुए प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि मंत्री भूरिया ने जिलेवासियों को बधाई दी और जिले की विकास गाथा तथा उपलब्धियों का वाचन किया। उन्होंने अनेकता में एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी खुले आकाश में छोड़े। ये स्कूल बने विजेता बारिश के बीच भी बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, वीरता, भारतीय संस्कृति और जनजातीय परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में कन्या शिक्षा परिसर रोटला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ और कन्या महाविद्यालय बालिका छात्रावास ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। इंदौर पब्लिक स्कूल झाबुआ को तृतीय स्थान मिला। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह की अन्य तस्वीरें…
Source link
झाबुआ में मंत्री भूरिया ने फहराया तिरंगा:बारिश के बीच भी देशभक्ति का जोश बरकरार
