![]()
झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 अक्टूबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के साथ गरज वाले बादल बन सकते हैं। इस दौरान कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। खासकर उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, 14 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने के संकेत हैं। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज वाले बादल बन सकते हैं। हालांकि, तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में बारिश के आसार मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 11 अक्टूबर को भी उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश तथा गरज वाले बादल बन सकते हैं। वहीं, 12 अक्टूबर को गढ़वा को छोड़कर मध्य झारखंड के हजारीबाग, रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा समेत दक्षिण-पूर्वी इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। 13 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी और उससे लगे मध्य झारखंड के हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। इन चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। रांची में 28 से 29 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 अक्टूबर को गरज वाले बादल बन सकते हैं। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 18 डिग्री रह सकता है। 12 और 13 अक्टूबर को भी आंशिक बादल तथा गरज वाले बादल बनने की संभावना है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 14 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क होने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 15 और 16 अक्टूबर को भी रांची में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। कुल मिलाकर, अगले चार दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना के बाद 14 अक्टूबर से मौसम सामान्य होने के संकेत हैं।
Source link
झारखंड में अगले चार दिन बदलेगा मौसम:13 अक्टूबर तक कहीं हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना
