झारखंड में कई जिलों में भारी बारिश के आसार:9 सितंबर को फिर बनेगा लो प्रेशर; अगले 6 दिन बदला-बदला रहेगा मौसम




झारखंड में अगले 6 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज से राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज और कल कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, बारिश की गतिविधि के बीच अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री से बढ़कर करीब 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में 9 सितंबर को फिर लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसका असर झारखंड में भी दिखेगा। देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 2 सितंबर तक सामान्य बारिश का कोटा पूरा मानसून की शुरुआत में अल-नीनो के प्रभाव और कम बारिश के कारण झारखंड में सूखे की आशंका जताई जा रही थी। जून और जुलाई में भी बारिश की स्थिति चिंताजनक रही थी। धानरोपनी से लेकर जलाशयों तक में पानी की कमी दिखाई देने लगी थी। लेकिन अगस्त में बंगाल की खाड़ी में लगातार बने लो प्रेशर और साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मौसम की तस्वीर बदल दी। पिछले तीन दिनों से हुई लगातार बारिश के कारण 2 सितंबर तक राज्य में होने वाली सामान्य बारिश का कोटा पूरा हो गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 2 सितंबर तक झारखंड में सामान्य बारिश 815.6 एमएम होनी चाहिए थी, जबकि 818.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक है। यानी इस अवधि की सामान्य बारिश का 100 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है। मानसून की वापसी में अभी करीब 28 दिन बाकी हैं। इस दौरान करीब 200 एमएम और बारिश होने पर पूरे मानसून सीजन की सामान्य बारिश का कोटा भी पूरा हो जाएगा। झारखंड में मानसून के दौरान सामान्य बारिश 1022 एमएम मानी जाती है। असामान्य बारिश से 9 जिलों में अब भी कमी राज्य के औसत आंकड़े सामान्य से अधिक बारिश दिखा रहे हैं, लेकिन जिलों में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। नौ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पाकुड़ में 459.3 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 919.2 एमएम होनी चाहिए थी। देवघर में 511.1 के मुकाबले 764.5 एमएम, चतरा में 526.5 के मुकाबले 753.7 एमएम और गोड्डा में 531.8 के मुकाबले 703.2 एमएम बारिश होनी थी। कोडरमा में 525.8, साहिबगंज में 684.2, गुमला में 662.9, गिरिडीह में 602.0 और हजारीबाग में 668.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। इन जिलों में भी सामान्य बारिश की तुलना में कमी है। दूसरी ओर, पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। रांची के कांके में सबसे अधिक 220 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। नाला में 202.6 एमएम, जामताड़ा में 136.8 एमएम और तिलैया में 128.4 एमएम बारिश दर्ज हुई। लगातार तीसरे साल सामान्य मानसून की उम्मीद अच्छी बारिश के कारण झारखंड में लगातार तीसरे साल मानसून के सामान्य रहने की उम्मीद बढ़ गई है। पिछले वर्ष मानसून सीजन में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी। वर्ष 2024 में सामान्य से सिर्फ 1 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, जबकि 2023 में सामान्य से करीब 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। इस बार बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे निम्न दबाव के कारण राज्य में अच्छी बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक 9 सितंबर और सितंबर के तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम बनने की संभावना है। इससे राज्य में फिर अच्छी बारिश हो सकती है। फिलहाल राज्य के सभी प्रमुख डैम लबालब हैं। ऐसे में इस साल हुई अच्छी बारिश का असर अगले साल गर्मी में भी दिखाई देने की उम्मीद है। जलाशयों में पर्याप्त पानी रहने से अगले साल गर्मी के दौरान पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए पानी की किल्लत का खतरा कम हो सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *