![]()
देवरिया के रुद्रपुर में टैंकर से डीजल चोरी करने का मामला सामने आया है। पिंडरा गांव के पास स्थित श्री मारकंडे जी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर शनिवार को टैंकर से डीजल उतारने के बाद ड्रेनेज पाइप से तेल गिरता देख संचालक को शक हुआ। इसके बाद टैंकर की जांच कराई गई तो उसमें तेल चोरी करने के लिए बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इंडियन ऑयल के अधिकारियों की मौजूदगी में टैंकर की जांच की गई। ड्रेनेज पाइपलाइन में बने चोर चैंबर से करीब 300 लीटर डीजल बरामद हुआ। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने टैंकर को जब्त कर सीज कर दिया। चालक और खलासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप संचालक भाजपा नेता बंधु उपेंद्रनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि टैंकरों से डीजल चोरी का यह खेल लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने डिपो स्तर के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। वहीं, इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कंपनी स्तर पर जांच की बात कही है। पिंडरा गांव के पास स्थित श्री मारकंडे जी किसान सेवा केंद्र पर शनिवार को टैंकर से डीजल उतारा जा रहा था। टैंकर से तेल उतरने के बाद पेट्रोल पंप संचालक बंधु उपेंद्रनाथ सिंह की नजर ड्रेनेज पाइप से गिर रहे डीजल पर पड़ी। सामान्य तौर पर पाइप से इस तरह तेल निकलता देख उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल इंडियन ऑयल के अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों की मौजूदगी में टैंकर की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ड्रेनेज पाइपलाइन में एक गुप्त चैंबर बना मिला। चोर चैंबर से मिला करीब 300 लीटर डीजल जांच में सामने आया कि टैंकर में तेल चोरी करने के लिए चैंबर बनाया गया था। इसी चैंबर में करीब 300 लीटर डीजल रखा मिला। अधिकारियों ने तेल को बरामद कर टैंकर का भौतिक सत्यापन शुरू कराया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। चालक और खलासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टैंकर में चैंबर कब और किस स्तर पर बनाया गया। पेट्रोल पंप संचालक बंधु उपेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि टैंकर से डीजल चोरी का यह मामला गंभीर है। उनका आरोप है कि टैंकरों में गुप्त चैंबर बनाकर लंबे समय से तेल चोरी की जा रही है। उन्होंने डिपो अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। डिपो मेंटिनेंस मैनेजर बोले- कराया जा रहा भौतिक सत्यापन इंडियन ऑयल डिपो के मेंटिनेंस मैनेजर प्रशांत मिश्रा ने बताया कि ड्रेनेज पाइपलाइन का दुरुपयोग कर डीजल चोरी का मामला सामने आया है। टैंकर का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर अमरेंद्र प्रताप राव ने बताया कि डीजल चोरी के मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मामला गंभीर है। कंपनी स्तर से भी जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टैंकर सीज, चालक-खलासी पर मुकदमा कोतवाल कल्याण सिंह सागर ने बताया कि डीजल चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। टैंकर को जब्त कर सीज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
टैंकर में चोर चैंबर बनाकर डीजल चोरी का खुलासा:देवरिया में 300 लीटर डीजल बरामद; पेट्रोल पंप पर तेल गिरने से खुला राज
