Headlines

टोंक में 26 जिन-प्रतिमाओं का 73वां प्रकट उत्सव:भगवान आदिनाथ का महापंचामृत अभिषेक, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना




टोंक जिला मुख्यालय स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज में भूगर्भ से प्राप्त 26 जिन-प्रतिमाओं का 73वां प्रकट उत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर विश्वशांति एवं जगत कल्याण की मंगल कामना की। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान, मंत्री धर्मेंद्र जैन पासरोटिया एवं कमल सर्राफ ने बताया कि प्रात:काल जैन नसिया के मूलनायक बड़े बाबा आदिनाथ भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके बाद दूध, दही, घी, केसर, फलों के रस एवं सर्वौषधि आदि से स्वर्ण एवं रजत झारियों द्वारा महापंचामृत अभिषेक किया गया। दुग्ध शांतिधारा का सौभाग्य त्रिलोकचंद, ज्ञानचंद, राजेश कुमार, अशोक कुमार, पुनीत कुमार, मोहित कुमार एवं अंशुल कुमार बोरदा परिवार को प्राप्त हुआ। चरण छत्री पर दुग्ध अभिषेक विवेक काला ने किया। चंदन लेपन का सौभाग्य टोनी कुमार एवं जम्मू कुमार आडरा तथा हल्दी लेपन का सौभाग्य महावीर प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार पासरोटिया एवं वीरेंद्र कुमार अंकुर पाटनी परिवार को मिला। इसके बाद भगवान आदिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार के नैवेद्य अर्पित कर भक्तिभाव से आराधना की। दशलक्षण महापर्व के नौवें दिन उत्तम आकिंचन्य धर्म की आराधना की गई। इस दौरान बताया गया कि बहिरंग एवं अंतरंग परिग्रह से मुक्त होकर अपनी शुद्ध आत्मा का चिंतन करना ही आकिंचन्य धर्म है। अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद तीनलोक महामंडल विधान की विधिवत पूजा की गई। प्रतिष्ठाचार्य पंडित बृजेश शास्त्री, महुआ के सानिध्य में श्रद्धालु प्रतिदिन विधान में शामिल होकर धर्मलाभ ले रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *