![]()
राजनांदगांव जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 ट्रैक्टर बैटरियां, चोरी में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल फोन और 8 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपए बताई गई है। ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच मामले का खुलासा ग्राम सांगिनकछार निवासी परमेन्द्र कुमार सिन्हा की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके महिंद्रा ट्रैक्टर और पास खड़े एक अन्य ट्रैक्टर से बैटरियां चोरी कर ली हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, मुखबिरों की सूचना और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में मुख्य आरोपी भीखम राम यादव और गणेश राम साहू ने राजनांदगांव और डोंगरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने तिलईरवार, विचारपुर नवागांव, सांगिनकछार, भंडारपुर, मेढ़ा, पटपर (चिचोला) और धौराभाठा सहित कई स्थानों से सड़क किनारे और कोठारों में खड़े ट्रैक्टरों की बैटरियां चोरी की थीं। चोरी का माल बेचने वाले भी गिरफ्तार पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की गई 12 बैटरियों में से 10 बैटरियां करण मरकाम के माध्यम से नईम खान को बेची गई थीं। वहीं, 2 बैटरियां सुजीत देवार और सुकत देवार को बेची गईं, जिन्हें बाद में अजहर खान ने खरीदा था। पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार आदतन अपराधी हैं आरोपी, भेजे गए जेल पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ तुमड़ीबोड़ चौकी, डोंगरगढ़ थाना सहित अन्य थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
Source link
ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश:: राजनांदगांव पुलिस ने 7 आरोपियों को पकड़ा, 12 बैटरियां बरामद
