![]()
सरगुजा प्रवास पर पहुंचे डिप्टी सीएम एवं लोक निर्माण मंत्री अरूण साव ने कहा कि अंबिकापुर की सड़कों का काम तुरंत शुरू होते हुए दिखेगा। सभी का टेंडर हो चुका है। नेशनल हाईवे की सड़कों के लिए तैयारियां हो गई है। सब काम तेज गति से पूरा करने बैठक में निर्देश दिया गया है। शुक्रवार को मंत्री अरूण साव ने स्कूटी में सवार होकर शहर में सफाई एवं सड़कों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को शहर साफ सुथरा रखने के निर्देश दिए। मंत्री साव ने कहा कि जल-जीवन मिशन के काम शुरू करने में कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने तीन साल की देरी की। वर्ष 2028 तक अमृत मिशन के काम पूरे होंगे। सरगुजा में सेवा संकल्प अभियान में शामिल होने पहुंचे मंत्री अरूण साव ने गुरूवार को अधिकारियों की बैठक ली और निर्माण कार्यों के टेंडर एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि शहर को हर हाल में स्वच्छ एवं सुंदर रखा जाए, इससे सरकार की छवि बनती या बिगड़ती है। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने और समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। स्कूटी से शहर में घूम मंत्री शुक्रवार सुबह मंत्री अरूण साव स्कूटी चलाते हुए निकले। उन्होंने बनारस रोड, गांधीनगर, सत्तीपारा एवं कोर्ट के पीछे सफाई, सड़क की व्यवस्था देखी। सड़क किनारे गंदगी देखकर मंत्री ने निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। मंत्री ने तालाबों को स्वच्छ रखने के लिए कचरा हटाने का निर्देश दिया। मंत्री अरूण साव ने मनेंद्रगढ़ रोड से रामानुजगंज को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे रिंगरोड का भी निरीक्षण किया। मंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता देखी और जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। विश्वविद्यालय एवं मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भवन के काम भी प्राथमिकता से पूरे कराए जाएंगे। साव बोले-जल्द दिखेगा सड़कों में सुधारा पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री अरूण साव ने कहा कि अंबिकापुर शहर की सड़कों का काम तुरंत शुरू होते हुए दिखेगा। सभी सड़कों के लिए टेंडर हो चुके हैं। नेशनल हाईवे की सड़कों का काम भी शुरू करने का निर्देश बैठक में दिया गया है। मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने तीन साल की देरी से शुरू किया, इसलिए हमें कार्य पूरा करने के लिए वर्ष 2028 तक का समय मिला है। कांग्रेस ने जनता को लूटा, उन्हें नहीं दिखता विकास प्रदेश में विकास कार्य नहीं होने के कांग्रेस के आरोपों को लेकर मंत्री अरूण साव ने कहा कि जिन्होंने पांच साल जनता को लूटा। विकास को अवरूद्ध किया। गरीबों का पीएम आवास रोका। उनकी आंखों में इटालियन चश्मा है, उन्हें विकास नहीं दिखेगा। मंत्री साव ने कहा कि कांग्रेस का विकास और जनहित से कोई लेना-देना नहीं है। चश्मा बदलेंगे तो बदलता बस्तर दिखेगा। प्रदेश का विकास दिखेगा। मंत्री के निरीक्षण एवं बैठक के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज, महापौर मंजूषा भगत, विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
Source link
डिप्टी-सीएम साव बोले-अब शुरू होगा सरगुजा में सड़कों का काम:स्कूटी पर सवार होकर व्यवस्था देखने निकले, कहा-जल-जीवन मिशन में कांग्रेस ने की लापरवाही
