![]()
बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा चकेरी गांव में हुआ। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में कार में सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला हादसे के बाद कार में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को सिविल अस्पताल अंजड़ पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान अंजड़ निवासी आदित्यराज और संदीप तथा सनगांव निवासी पियुष के रूप में हुई है। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को भी मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शी धीरज दुबे के मुताबिक, कार सवार युवक नशे में होने की आशंका है और कार काफी तेज रफ्तार से चलाई जा रही थी। इसी दौरान डिवाइडर के पास चालक कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार पलट गई। हादसे के दौरान कार ने सड़क किनारे खड़ी एक बंद गाड़ी को भी टक्कर मार दी, जिससे वह भी क्षतिग्रस्त हो गई। घर के बाहर मौजूद महिला बाल-बाल बची धीरज दुबे ने बताया कि हादसे के समय उनकी मां घर के बाहर कपड़े निकालने के लिए आई थीं। इसी दौरान कार उनकी तरफ आती दिखाई दी। उन्होंने समय रहते खुद को पीछे हटा लिया, जिससे वह कार की चपेट में आने से बच गईं। तस्वीरे देखिए… पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल कार के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, तीन युवक घायल:सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से भी टकराई; नशे में होने की आशंका; तीनों जिला अस्पताल रेफर
