![]()
तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के भंगाला गांव में पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई है। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सरपंच जर्मन सिंह और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गांव की 2 कनाल सरकारी पंचायती जमीन को लेकर बिक्कर सिंह और सरपंच जर्मन सिंह के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। यह जमीन सरकारी स्कूल के अधीन आती है, लेकिन बिक्कर सिंह लंबे समय से इस पर कब्जा किए हुए थे और इसके विरोध में थे। शुरुआत में दोनों पक्षों के सदस्यों के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। हालांकि, देर शाम भंगाला गांव में बिक्कर सिंह के घर की ओर जाने वाली सड़क पर फिर से विवाद भड़क गया। इसके बाद सरपंच जर्मन सिंह और उनके साथियों ने बिक्कर सिंह और उनके समर्थकों पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस गोलीबारी में बिक्कर सिंह के साथ बलजीत सिंह, हजारा सिंह, सुखविंदर सिंह और महिंदर सिंह घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति की आंख में गोली लगने से उसकी आंखों की रोशनी चली गई है। जर्मन सिंह ने बिक्कर सिंह के घर पर भी फायरिंग की और उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर पट्टी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। डीएसपी पट्टी रवि शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सरपंच जर्मन सिंह और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Source link
तरनतारन में जमीन कब्जे को लेकर चली गोलियां:पांच लोग घायल; सरपंच और साथियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया
